शिवसेना प्रदेश सचिव के प्रथम आगमन पर जोरदार आतिशबाजी के साथ भव्य स्वागत, विश्रामगृह में हुई सांगठनिक बैठक,

BHUPENDRA SINHA

September 3, 2026

ब्लॉक कार्यकारिणी का विस्तार, नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं; 50 युवाओं ने थामा शिवसेना का दामन,

छुरा/ गरियाबंद:- शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के प्रदेश सचिव महेश वासुदेव दुबे के प्रथम नगर आगमन पर छुरा में कार्यकर्ताओं ने जोरदार आतिशबाजी और भव्य स्वागत किया। स्थानीय मेन चौक पर बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने गगनभेदी नारों के बीच प्रदेश सचिव का स्वागत किया। इस दौरान उन्हें फूलों की विशाल माला पहनाई गई तथा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया।

भव्य स्वागत के बाद स्थानीय विश्रामगृह में शिवसेना की सांगठनिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश सचिव महेश वासुदेव दुबे ने की। बैठक में क्षेत्र की वर्तमान राजनीतिक एवं सामाजिक परिस्थितियों के साथ संगठन के आगामी कार्यक्रमों और रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

ब्लॉक कार्यकारिणी का किया गया विस्तार

शिवसेना को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और युवाओं को संगठन में आगे लाने के उद्देश्य से बैठक के दौरान ब्लॉक कार्यकारिणी का विस्तार किया गया। प्रदेश सचिव की सहमति से विभिन्न पदों पर कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

नई कार्यकारिणी में मितेश शर्मा को ब्लॉक अध्यक्ष, सेवकराम चक्रधारी को उपाध्यक्ष, महेश्वर कंवर को कोषाध्यक्ष, नीलकमल यादव को सचिव तथा लक्ष्मीनाथ यादव को संयोजक की जिम्मेदारी दी गई।

‘80 प्रतिशत समाजसेवा और 20 प्रतिशत राजनीति’ पर जोर

बैठक में नवनियुक्त पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश सचिव महेश वासुदेव दुबे ने कहा कि शिवसेना संस्थापक हिंदू हृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाना और आम जनता की समस्याओं का समाधान कराने के लिए संघर्ष करना संगठन का प्रमुख दायित्व है।

उन्होंने कहा कि शिवसेना हमेशा 80 प्रतिशत समाजसेवा और 20 प्रतिशत राजनीति के सिद्धांत पर काम करती आई है। गरीब, मजदूर, किसान और दबे-कुचले वर्गों के हक और अधिकारों के लिए संघर्ष करना तथा उनकी सेवा करना संगठन का लक्ष्य है।

उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से कहा कि पार्टी द्वारा दी गई जिम्मेदारी केवल पद नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम है। उन्होंने पूरी कार्यकारिणी को एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों पर सक्रियता से कार्य करने का निर्देश दिया।

अन्याय और शोषण के खिलाफ संघर्ष का लिया संकल्प

बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में संकल्प लिया कि क्षेत्र में होने वाले अन्याय, अत्याचार, शोषण और दमन के खिलाफ संगठन मजबूती से आवाज उठाएगा। जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए शिवसेना हर स्तर पर संघर्ष करेगी।

50 युवाओं ने थामा शिवसेना का दामन

इस अवसर पर शिवसेना की विचारधारा और कार्यों से प्रभावित होकर क्षेत्र के लोचनसिंह ठाकुर, अंकित बघेल, विश्वराज शोरी, चंदन ध्रुव, डिगेंद्र लहरे, धनेश्वर यादव, ईश्वर सोनी, हीरालाल यादव, लक्ष्मण शर्मा, दुष्यंत डहरिया, डगेश्वर दीवान, योगेंद्र कुमार ठाकुर, अमित साहू, मुकेश साहू, महेश्वर दीवान सहित करीब 50 युवाओं ने शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की सदस्यता ग्रहण की।

नवप्रवेशी युवाओं ने संगठन की विचारधारा को गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाने तथा जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment