अंधेरे में बेरीकेट बना खतरा, सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल

SARJU SAHU

August 27, 2026

कोरबा। पाली विकासखंड के ग्राम पंचायत रेंकी से अण्डीकछार मार्ग पर NTPC द्वारा लगाए गए बेरीकेट को लेकर ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय बेरीकेट के आसपास पर्याप्त रोशनी और दूर से दिखाई देने वाले सुरक्षा संकेत नहीं होने के कारण यह वाहन चालकों के लिए अचानक सामने आने वाली बाधा बन रहा है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

ग्रामीणों के अनुसार सड़क पर यातायात को नियंत्रित करने के उद्देश्य से लगाए गए बेरीकेट के आसपास हाई-पावर लाइट, रिफ्लेक्टर, चेतावनी बोर्ड और स्पष्ट स्टॉप लाइट जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं होनी चाहिए। इन सुरक्षा इंतजामों के अभाव में रात के समय तेज गति से आने वाले वाहन चालकों को बेरीकेट का समय पर पता नहीं चल पाता, जिससे हादसे का खतरा बढ़ जाता है।

स्थानीय लोगों ने मौके पर तैनात कर्मचारियों के व्यवहार को लेकर भी नाराजगी जताई है। ग्रामीणों का आरोप है कि राहगीरों और वाहन चालकों के साथ कर्मचारियों का व्यवहार कई बार संतोषजनक नहीं रहता। ग्रामीणों ने कहा कि यातायात नियंत्रण के साथ लोगों की सुरक्षा और सुविधा का ध्यान रखना भी संबंधित प्रबंधन की जिम्मेदारी है।

ग्रामीणों ने NTPC प्रबंधन से मौके का तत्काल निरीक्षण कराने और सुरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक इंतजाम करने की मांग की है। उनका कहना है कि बेरीकेट के आसपास पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, रिफ्लेक्टर, चेतावनी संकेतक और स्पष्ट दृश्यता सुनिश्चित की जाए, ताकि रात में आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी न हो।

ग्रामीणों का कहना है कि सुरक्षा के उद्देश्य से लगाया गया बेरीकेट स्वयं दुर्घटना का कारण नहीं बनना चाहिए। इसके लिए NTPC प्रबंधन को मामले को गंभीरता से लेते हुए स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा उपाय तत्काल सुनिश्चित करने चाहिए, ताकि रेंकी-अण्डीकछार मार्ग पर रात के समय आवागमन सुरक्षित हो सके।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment