रायपुर। 23 अगस्त। सावन मास की पावन बेला में समग्र ब्राह्मण परिषद् छत्तीसगढ़ द्वारा रायपुर जिले के पथरी स्थित बोहरही धाम (बोहरही माता मंदिर) में रुद्राभिषेक पूजन एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। धार्मिक अनुष्ठान के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए परिषद् ने धर्म और प्रकृति के बीच गहरे संबंध को रेखांकित किया।
परिषद् के प्रदेश सचिव पं. सजल तिवारी ने बताया कि कार्यक्रम में आचार्य पं. अभय शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ रुद्राभिषेक पूजन संपन्न कराया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जल, दुग्ध एवं अन्य पूजन सामग्रियों से अभिषेक कर प्रदेश, समाज और समस्त जनमानस की सुख-शांति, आरोग्य एवं समृद्धि की कामना की।
धर्म और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
समग्र ब्राह्मण परिषद् छत्तीसगढ़ की प्रदेश संगठन प्रमुख सीमा दुबे ने कहा कि रुद्राभिषेक के साथ वृक्षारोपण का आयोजन कर समाज को यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि धर्म और पर्यावरण एक-दूसरे के पूरक हैं। सनातन परंपरा में प्रकृति और वृक्षों को सदैव पूजनीय माना गया है। ऐसे में धार्मिक स्थलों पर पौधरोपण आध्यात्मिक चेतना के साथ पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी का भी प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि परिषद् धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी अपनी सामाजिक जिम्मेदारी मानता है। आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित वातावरण तैयार करना समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है।
आस्था का प्रमुख केंद्र है बोहरही धाम
प्रदेश संयुक्त सचिव पं. श्रीकांत तिवारी ने बताया कि बोहरही धाम का चयन धार्मिक और प्राकृतिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। रायपुर जिले के मांढर-पथरी क्षेत्र के समीप स्थित यह स्थल स्थानीय श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां माता बोहरही (बोहरही दाई) एवं ठाकुर देव की पूजा-अर्चना की जाती है।
क्षेत्रवासियों के बीच मान्यता है कि माता के दरबार में सच्चे मन से की गई प्रार्थना और मनोकामना पूर्ण होती है। माघ पूर्णिमा के आसपास आयोजित होने वाला वार्षिक बोहरही धाम मेला क्षेत्र की प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं में शामिल है।
कार्यक्रम में कालिंदी उपाध्याय, सीमा दुबे, संध्या उपाध्याय, पं. श्रीकांत तिवारी, पं. चक्रेश तिवारी, जयश्री तिवारी, पं. गौरव मिश्रा, पं. अनिल दुबे, खुशबू शर्मा, कीर्तिका तिवारी, पं. दुर्योधन प्रसाद शर्मा, रेणुका शर्मा, पं. रुद्र उपाध्याय, भूमि उपाध्याय, पं. वेदांत तिवारी, डॉ. भावेश शुक्ला “पराशर” सहित रायपुर संगठन के सहयोगी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
बोहरही धाम में आयोजित रुद्राभिषेक और वृक्षारोपण कार्यक्रम ने धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण को जोड़ते हुए समाज को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का सकारात्मक संदेश दिया।