सरकारी आदेश की ऐसी कूटरचना कि असली-नकली में हो जाए भ्रम! पलारी पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई से खुला फर्जीवाड़े का राज
बलौदा बाजार। सरकारी नौकरी में मनचाही पोस्टिंग या तबादला पाने के लिए अगर कोई कानून की हदें पार कर दे तो मामला सिर्फ विभागीय गड़बड़ी नहीं, बल्कि सीधे-सीधे कानून के शिकंजे तक पहुंच जाता है। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां CMHO कार्यालय के नाम से फर्जी स्थानांतरण आदेश तैयार कर उसमें जाली हस्ताक्षर किए गए और उसे असली सरकारी आदेश बताकर प्रस्तुत कर दिया गया
मामले का खुलासा होते ही पलारी पुलिस ने तेजी दिखाई और ग्रामीण चिकित्सा सहायक करण कुमार देवांगन समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया
फर्जी आदेश में दिखाया गया था मोपर तबादला
पुलिस के मुताबिक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रोहांसी में पदस्थ ग्रामीण चिकित्सा सहायक करण कुमार देवांगन ने एक स्थानांतरण आदेश प्रस्तुत किया था। आदेश क्रमांक एच.एम./ए.आर./2026-27/1359, दिनांक 14 अगस्त 2026 में उसका तबादला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोपर, विकासखंड भाटापारा दर्शाया गया था।
दस्तावेज सामने आते ही इसकी जांच कराई गई तो पूरा खेल खुल गया।
CMHO कार्यालय ने ऐसा कोई आदेश जारी ही नहीं किया था। इतना ही नहीं, आदेश में दर्ज हस्ताक्षर भी जांच में फर्जी और कूटरचित पाए गए।
सरकारी सिस्टम को ही चकमा देने की कोशिश
मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। जांच में सामने आया कि राज्य संवर्ग के कर्मचारी का स्थानांतरण करने का अधिकार राज्य शासन के पास है। इसके बावजूद कथित तौर पर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर उसे सरकारी आदेश के रूप में इस्तेमाल किया गया।
पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए थाना पलारी में अपराध क्रमांक 347/2026 दर्ज किया। आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 318(4), 336(3), 337, 338, 340(2) एवं 3(5)** के तहत कार्रवाई शुरू की गई।
पूछताछ में खुला राज,चारों दबोचे गए
मामलेकीगंभीरता को देखते हुए पलारी पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने फर्जी स्थानांतरण आदेश तैयार करने और प्रस्तुत करने के मामले में करण कुमार देवांगन सहित चार लोगों को हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों द्वारा एक राय होकर अपराध करना स्वीकार किया गया। इसके बाद 22 अगस्त 2026 को चारों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया
गिरफ्तार आरोपियों के नाम

करण कुमार देवांगन (44) — चिकित्सा सहायक, PHC रोहांसी, निवासी मंगलम कॉलोनी, बलौदाबाजार।

रवि कुमार सेन (43) — निवासी कसडोल वार्ड क्रमांक 04 एवं ग्राम कटगी।
पुनीराम पटेल (51) — निवासी ग्राम गिरौदपुरी, थाना गिधौरी।

किशना उर्फ कृष्ण कुमार अवस्थी (53)— निवासी ग्राम रिसदा, थाना सिटी कोतवाली बलौदाबाजार।
