तिरंगे के रंग में रंगा किरवई, गूंजे भारत माता के जयकारे

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

August 9, 2026

किरवई, सिमगा | 9 अगस्त। ग्राम किरवई में रविवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत ऐसा देशभक्ति का माहौल देखने को मिला, जिसने पूरे गांव को तिरंगे के रंग में रंग दिया। पंचायत सचिव विकास साहू के नेतृत्व और युवाओं के सहयोग से राष्ट्रध्वज वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को तिरंगे वितरित किए गए और तिरंगा यात्रा निकालकर हर घर पर शान से तिरंगा फहराने का आह्वान किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई। राष्ट्रगान की धुन के बीच पूरा माहौल देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया। हाथों में तिरंगा लिए बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग पूरे उत्साह के साथ तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। गांव की गलियों में ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के गगनभेदी नारों से वातावरण गूंज उठा।इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि तिरंगा केवल एक झंडा नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान है। इसके तीनों रंग देश की एकता, अखंडता, त्याग और वीरता की कहानी कहते हैं। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान प्रत्येक नागरिक को देश के प्रति अपने कर्तव्य और सम्मान से जोड़ने का अवसर है।आयोजकों ने ग्रामीणों से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस को केवल एक त्योहार के रूप में नहीं, बल्कि देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को याद करते हुए मनाएं। हर घर पर तिरंगा फहराकर देश के प्रति अपने सम्मान और प्रेम को प्रदर्शित करें।तिरंगा वितरण के दौरान बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह नजर आया। ग्रामीणों ने हाथों में तिरंगा लेकर पूरे जोश के साथ देशभक्ति के नारे लगाए। गांव का माहौल कुछ देर के लिए ऐसा हो गया मानो पूरा किरवई तिरंगे की शान में एकजुट हो गया हो।कार्यक्रम में राष्ट्रध्वज के सम्मान और ध्वज संहिता के नियमों की जानकारी भी दी गई, ताकि हर घर में तिरंगा पूरे सम्मान और गरिमा के साथ फहराया जा सके।इस अवसर पर पंचायत सचिव विकास साहू, अरुण राव किरवई, भुवन साहू प्राचार्य, अभिषेक शर्मा किरवई, उमेश साहू, डिगेश्वर साहू, डम्मन साहू, दुर्गेश साहू, पूनमचंद, आजू साहू, अमित, चंदू, पोषण निषाद, ठाकुरराम साहू, चुलेश्वरी, ज्योति, दुलोरिन, सतरूपा, रेवती सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

प्रबंध संपादक (Managing Editor)

Share this content:

Leave a Comment