बलौदाबाजार। गांव के युवाओं को नशे के दलदल से बचाने के संकल्प के साथ ग्राम पंचायत कारी के ग्रामीणों और युवा संगठन ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। गांव में महुआ शराब बेचने पहुंचे एक युवक को ग्रामीणों ने रंगे हाथों पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इस कार्रवाई ने साफ संदेश दे दिया कि अब कारी में नशे का कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, ग्राम डोगरीडीह निवासी मनीष मारकंडे मोटरसाइकिल पर एक बोरी महुआ शराब लेकर गांव में बिक्री करने पहुंचा था। इसकी भनक लगते ही ग्रामीण और युवा संगठन तत्काल एकजुट हो गए। ग्राम पंचायत भवन के पास युवक को घेरकर पकड़ लिया गया और तुरंत लवन थाना पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी के कब्जे से महुआ शराब जब्त कर उसे हिरासत में ले लिया तथा आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
ग्रामीणों ने कहा कि हम अपने बच्चों और युवाओं का भविष्य शराब के सौदागरों के हाथों बर्बाद नहीं होने देंगे। कारी की धरती पर नशे का कारोबार करने वालों के लिए अब कोई जगह नहीं है।
कारी के ग्रामीणों की यह पहल केवल एक युवक को पकड़ने की घटना नहीं, बल्कि समाज को नशामुक्त बनाने का एक मजबूत संदेश है। जिस तरह पूरा गांव एकजुट होकर अवैध शराब के खिलाफ खड़ा हुआ, उसने साबित कर दिया कि जब जनता जागती है, तब अपराधियों के हौसले अपने आप पस्त हो जाते हैं। अब जरूरत है कि अन्य गांव भी कारी से प्रेरणा लेकर अपने गांव और अपनी युवा पीढ़ी को नशे के अभिशाप से बचाने के लिए इसी तरह संगठित होकर आगे आएं।