कलेक्टर ने सुहेला में स्कूल और आंगनबाड़ी केन्द्र का किया निरीक्षण
कुपोषित बच्चों को ईमानदारी के साथ पौष्टिक लड्डू वितरण के निर्देश
नन्हे- मुन्नो से किया आत्मीय संवाद,स्कूली बच्चों को दिये कैरियर टिप्स
बलौदाबाजार, 30 जुलाई 2026/ कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने गुरुवार को सुहेला में आंगनबाड़ी केंद्र एवं स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने सुपोषित बचपन अभियान के तहत कुपोषित बच्चों को लड्डू वितरण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने,बच्चों के भाषा विकास एवं साफ़ सफाई पर विशेष ध्यान रखने के निर्देश कार्यकर्ता एवं सहायिका को दिये।
कलेक्टर श्री शर्मा ने कहा क़ि कुपोषण मुक्ति के लिये जिला प्रशासन द्वारा सुपोषित बचपन अभियान चलाया जा रहा है जिसमें गंभीर एवं मध्यम कुपोषित बच्चों को सप्ताह में 6 दिन एक -एक पौष्टिक लड्डू खिलाया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ता से आंगनबाड़ी केंद्र में दर्ज बच्चों की संख्या,औसत उपस्थिति,कुपोषित बच्चों की संख्या,लड्डू की उपलब्धता, बच्चों कुपोषित बच्चों को लड्डू वितरण आदि की जानकारी ली। उन्होंने 2 कुपोषित बच्चों को नियमित रूप से लड्डू वितरण नहीं करने पर नाराजगी जाहिर करते हुए अगले 15 दिन में सुधार लाने के निर्देश दिये। इसके साथ ही नियमित गृहभेट कर बच्चों के अभिभावकों से बच्चों की बेहतर देखभाल एवं पौष्टिक भोजन के बारे में जानकारी देने कहा। इस दौरान बच्चों के भाषा विकास के लिये रंगों, आकार, पशु -पक्षियों के नाम,चित्रों की पहचान कराने कहा। उन्होंने रसोई घर का अवलोकन करते हुए साफ़- सफाई पर धयान देने कहा।
कलेक्टर श्री शर्मा ने केन्द्र में उपस्थित नन्हे -मुन्ने बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए उनसे कविता,गिनती एवं रंगों के नाम पूचे।इसके साथ ही रेडी -टू ईट में क्या- क्या मिलता है। कई बच्चों ने सुंदर कविता,गिनती,एबीसीडी सुनाया।इस दौरान उन्होंने सरपंच और सचिव को भी आंगनबाड़ी केन्द्र का नियमित निरीक्षण करने कहा।
इसके पश्चात कलेक्टर ने स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालय में कक्षा 10 वी के बच्चों से पढ़ाई के बारे में पूछ -ताछ की। उन्होंने बच्चों को प्रोत्साहित करते कहा क़ि 10 वी कक्षा में ही अपने करियर के बारे में सोच कर रखें और उसे पूरा करने के लिये मन लगाकर पढ़ाई करें। सपने तभी पूरे होते है जब नियमित मेहनत करते है। उन्होंने कहा क़ि बाधा भी कई आएंगे लेकिन उससे घबराना नहीं है उसका मुकबला करते हुए आगे बढ़ना है। उन्होंने कक्षा 4थी के बच्चों से भी आत्मीय संवाद किया और अंग्रेजी के कुछ पाठ पढ़ने कहा। उन्होंने पाठ से सम्बंधित कुछ प्रश्न भी पूछे। इसीतरह यातायात संकेत और उसके उपयोग के बारे में भी सवाल कर बच्चों के ज्ञान को परखा।
इस दौरान सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल, एसडीएम अतुल शेट्टे,सीएमएचओ डॉ. राजेश अवस्थी,तहसीलदार के. के. वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।