छुरा में राष्ट्रीय हिन्दू वाहिनी संगठन का चौथा स्थापना दिवस मनाया गया,

BHUPENDRA SINHA

July 28, 2026

शिव पूजन, जलाभिषेक एवं हनुमान चालीसा पाठ के साथ हिंदुत्व की रक्षा और संगठन विस्तार का लिया संकल्प

छुरा/ गरियाबंद:- मंगलवार को नगर छुरा में राष्ट्रीय हिन्दू वाहिनी संगठन का चौथा स्थापना दिवस श्रद्धा, उत्साह एवं धार्मिक वातावरण में मनाया गया। स्थापना दिवस के अवसर पर संगठन के युवा सदस्यों ने नगर के हृदय स्थल सुखेश्वर नाथ महादेव मंदिर, एनीकट पहुंचकर विधिवत भगवान शिव का पूजन-अर्चन किया। इस दौरान भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक, आरती कर श्रीफल एवं मिठाई अर्पित की गई और सभी ने सुख-समृद्धि तथा नगर की खुशहाली की कामना की।

इसके पश्चात हिंदुत्व की शक्ति, भक्ति और आस्था के प्रतीक आराध्य श्री हनुमान जी के मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। उपस्थित सदस्यों द्वारा सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण के बीच संगठन की एकता, सेवा और सामाजिक दायित्वों को मजबूत करने का संकल्प लिया गया।

पूजन-अर्चन के बाद संगठन के युवा सदस्यों ने “राष्ट्रीय हिन्दू वाहिनी संगठन की जय”, “जय श्रीराम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ हिंदू समाज की एकता और संगठन की मजबूती का संदेश दिया। इस अवसर पर सदस्यों ने हिंदुत्व की रक्षा, सनातन संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण, उनके प्रचार-प्रसार तथा संगठन के विस्तार के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

स्थापना दिवस ने दिया एकजुटता का संदेश

राष्ट्रीय हिन्दू वाहिनी संगठन का स्थापना दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता को उसकी जिम्मेदारी और कर्तव्य का स्मरण कराने वाला अवसर है। इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने कहा कि हिंदुत्व की शक्ति उसकी एकता, संस्कार और संगठन में निहित है। वर्तमान समय में सनातन संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और सामाजिक मूल्यों के संरक्षण के लिए समाज के युवाओं को जागरूक एवं संगठित होकर सकारात्मक भूमिका निभाने की आवश्यकता है।

स्थापना दिवस के अवसर पर युवाओं ने संकल्प लिया कि वे सामाजिक समरसता और धार्मिक-सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करेंगे। साथ ही सनातन संस्कृति के प्रति नई पीढ़ी को जागरूक करने तथा संगठन के विचारों एवं गतिविधियों को समाज के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का निर्णय लिया गया।

कार्यक्रम में संगठन के युवा सदस्य मयंक हिंदू सोनी, सभापति बलराज पटेल, धरमदास थदानी, दिशांक चंद्राकर, मानसिंह निषाद, थानसिंह निषाद, भवानी शंकर सेन, भुनेश्वर डहरिया, नारायण पटेल, धर्मेंद्र चंद्राकर, कुश साहू, पीयूष सिन्हा, संतोष ध्रुव, निखिल साहू, रितेंद्र सिन्हा सहित मातृशक्ति लीना दुबे एवं मंदिर के पूजारी महाराज जी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन भगवान शिव एवं श्री हनुमान जी के जयघोष तथा संगठन की एकता, हिंदुत्व की रक्षा और सनातन संस्कृति के संरक्षण के संकल्प के साथ हुआ।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment