ग्रामीणों की शिकायत पर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे विधायक, जिला स्वास्थ्य अधिकारी से फोन पर की चर्चा,
छुरा/गरियाबंद :- बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक जनक ध्रुव ने क्षेत्रीय दौरे के दौरान ग्रामीणों की शिकायत पर कनसिंघी स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान स्वास्थ्य केंद्र में रात के समय कर्मचारियों के उपलब्ध नहीं रहने की शिकायत सामने आने पर विधायक ने नाराजगी जताई और संबंधित कर्मचारियों को व्यवस्थाओं में सुधार लाने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विधायक जनक ध्रुव ने जिला स्वास्थ्य अधिकारी से फोन पर चर्चा की। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में व्याप्त समस्याओं का तत्काल निराकरण करने तथा ग्रामीणों को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही।
विधायक ने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य केंद्र ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण है। ऐसे में यहां स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही और कर्मचारियों की अनुपलब्धता से लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। रात के समय भी जरूरतमंद मरीजों को स्वास्थ्य सुविधा मिलना आवश्यक है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं में जल्द सुधार नहीं किया गया और ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो वे ग्रामीणों के साथ सड़क पर बैठकर धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।
विधायक के इस निरीक्षण के बाद अब स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली और कनसिंघी स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर ग्रामीणों की नजरें विभागीय कार्रवाई पर टिकी हैं। ग्रामीणों को उम्मीद है कि स्वास्थ्य विभाग इस मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाएगा।