पति के देर से लौटने पर घबराई नवविवाहिता ने पिया पेट्रोल, ‘डायल 112’ की मुस्तैदी से बची जान
पलारी (बलौदाबाजार):
पलारी थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में पति के देर रात तक घर न लौटने पर मानसिक तनाव में आई नवविवाहिता ने आत्मघाती कदम उठाते हुए पेट्रोल पी लिया। घटना की सूचना मिलते ही ‘डायल 112’ की टीम ने तत्परता दिखाते हुए महिला को समय पर अस्पताल पहुंचाया, जिससे उसकी जान बच गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 जुलाई की रात करीब 8 बजे कंट्रोल रूम को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम क्षेत्र में एक 20 वर्षीय नवविवाहिता ने पेट्रोल पी लिया है। सूचना मिलते ही डायल 112 (बाज-01) में तैनात आरक्षक भास्कर प्रसाद एवं चालक दीपक साहू बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचे।
परिजनों ने बताया कि महिला का पति देर शाम तक घर वापस नहीं लौटा था। किसी अनहोनी की आशंका और मानसिक घबराहट के कारण उसने घर में रखे वाहन से पेट्रोल निकालकर पी लिया, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी।
घटनास्थल पर पहुंची डायल 112 की टीम ने तत्काल पीड़ित महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पलारी भर्ती कराया। CHC के डॉक्टरों ने बिना देरी किए ‘स्टमक वॉश’ कर प्राथमिक उपचार शुरू किया। समय पर इलाज मिलने से महिला की स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
मामले के बाद पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की पारिवारिक या मानसिक तनावपूर्ण स्थिति में घबराकर ऐसा कोई कदम न उठाएं। समस्या होने पर परिजनों या शुभचिंतकों से चर्चा करें और किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत ‘डायल 112’ पर संपर्क करें।