नवीन रक्षित केंद्र नंदौर खुर्द में पुलिस और वन विभाग ने किया वृहद वृक्षारोपण, रोपे गए 350 पौधे
सक्ति। जिले के नवीन रक्षित केंद्र नंदौर खुर्द में वन विभाग एवं पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। वन महोत्सव के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस, प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, छात्र-छात्राओं और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों का छात्र-छात्राओं द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। इस दौरान परिसर में गुलमोहर, पीपल, नीम, जामुन, मुनगा, करंज, आम सहित विभिन्न मिश्रित प्रजातियों के कुल 350 पौधों का रोपण किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने इन पौधों को केवल लगाने ही नहीं, बल्कि उनके उचित संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी लेने का भी संकल्प उठाया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं वन स्थायी समिति की सभापति सुश्री सुशीला सिन्हा ने अपने उद्बोधन में कहा कि वृक्ष प्रकृति की अमूल्य धरोहर हैं। प्रकृति का संतुलन बनाए रखने के लिए यह आवश्यक है कि प्रत्येक नागरिक अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी सही देखभाल का संकल्प ले।

पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को प्रेरित करते हुए एक भावपूर्ण आह्वान किया। उन्होंने सभी नागरिकों से ‘एक पेड़ शहीदों के नाम’ तथा ‘एक पेड़ अपने पूर्वजों के नाम’ लगाने की अपील की, ताकि हम अपने महापुरुषों व पूर्वजों की स्मृति को संजोने के साथ-साथ धरती को भी हरा-भरा बना सकें।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में वन महोत्सव के अंतर्गत व्यापक स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसका मुख्य उद्देश्य जन सहभागिता के माध्यम से जिले के हरित आवरण (Green Cover) में वृद्धि करना, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना और जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को कम करना है।
इस अवसर पर जन-प्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे, जिनमें मुख्य रूप से:
- सुश्री सुशीला सिन्हा (सभापति, वन स्थायी समिति)
- श्याम सुंदर अग्रवाल (अध्यक्ष, नगर पालिका)
- प्रफुल्ल कुमार ठाकुर (पुलिस अधीक्षक)
- हिमांशु डोंगरे (डीएफओ, वन मंडल जांजगीर-चांपा/सक्ति)
- वीरेंद्र लकड़ा एवं बालेश्वर राम (अपर कलेक्टर)
- पंकज पटेल (एडिशनल एसपी)
- संजय रामचंद्र (सांसद प्रतिनिधि)
- सुमित शर्मा (एल्डरमैन)
- चितरंजय पटेल (अधिवक्ता, उच्च न्यायालय)
कार्यक्रम में पुलिस व वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय ग्रामीण, छात्र-छात्राएं, युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में उपस्थित होकर इस पर्यावरण-मित्र अभियान के साक्षी बने।