बसना। 13 जुलाई। थाना बसना पुलिस ने ग्राम पठियापाली में अवैध जुआ फड़ पर दबिश देकर 8 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 8,050 रुपये नगद, 52 पत्ती ताश तथा 4 पुरानी मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं। जब्त सामग्री का कुल अनुमानित मूल्य 88,050 रुपये बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई 2026 को टाउन एवं देहात पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम पठियापाली तालाब के मेड़ पर महुआ पेड़ के नीचे कुछ लोग 52 पत्ती ताश से “काट पत्ती” नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद थाना बसना पुलिस ने गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।
दबिश के दौरान 8 लोगों को रुपये का दांव लगाकर जुआ खेलते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। पुलिस ने मौके से 8,050 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश और चार पुरानी मोटरसाइकिलें (एक प्लेटिना, एक सुपर स्प्लेंडर एवं दो टीवीएस एक्सल) जब्त कीं। मोटरसाइकिलों की अनुमानित कीमत 80 हजार रुपये आंकी गई है, जिससे कुल जब्ती का मूल्य 88,050 रुपये हो गया।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 112(2) के तहत मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
1. पुरुषोत्तम जगत (36), निवासी पठियापाली
2. अंतर्यामी भोई (40), निवासी हबेकांटा
3. ललित दास (34), निवासी पीपलखूंटा
4. हिरादास मानिकपुरी (28), निवासी पीपलखूंटा
5. संतोष दास (40), निवासी पीपलखूंटा
6. राजकुमार सुरलिया (34), निवासी बीटांगीपाली
7. धनेश नाग (37), निवासी पठियापाली
8. अजय साव (38), निवासी चिर्राचुआं
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।