सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर पलारी थाना परिसर में ‘एकता वृक्षारोपण’ अभियान, पुलिस ने दिया राष्ट्रीय एकता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

TEJASWI NATH SONI

July 12, 2026

बलौदाबाजार, 12 जुलाई 2026। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस के तहत बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा थाना पलारी परिसर में विशेष ‘एकता वृक्षारोपण अभियान’ आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने फलदार एवं छायादार पौधे लगाकर देश की एकता, अखंडता और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

पुलिस अधीक्षक श्री ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक सिंह एवं थाना प्रभारी निरीक्षक परिवेश तिवारी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मिलकर पौधरोपण किया। कार्यक्रम के दौरान सभी ने सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए ऐतिहासिक योगदान को स्मरण करते हुए राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाए रखने की शपथ भी ली।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की मजबूत नींव रखी थी। उनकी 150वीं जयंती पर लगाए गए ये पौधे आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे।

वहीं थाना प्रभारी परिवेश तिवारी ने बताया कि थाना परिसर में लगाए गए सभी पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा की जिम्मेदारी थाना स्टाफ द्वारा निभाई जाएगी, ताकि ये पौधे भविष्य में विशाल वृक्ष बनकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे सकें।

पुलिस विभाग की इस पहल को स्थानीय नागरिकों ने भी सराहा। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। थाना परिसर में लगाए गए पौधों के चारों ओर सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, ताकि उनका समुचित संरक्षण किया जा सके।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment