सीरियल केबल चोर गिरफ्तार: बलौदाबाजार में तीन बड़ी चोरी की वारदातों का खुलासा, भारी मात्रा में केबल व तांबा बरामद

TEJASWI NATH SONI

July 12, 2026

बलौदाबाजार, 12 जुलाई 2026। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में सबमर्सिबल पंपों से केबल वायर चोरी की लगातार हो रही घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक शातिर सीरियल चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अलग-अलग चोरी के मामलों से संबंधित करीब 250 फीट पीवीसी केबल वायर एवं लगभग 1.5 किलोग्राम तांबे का तार बरामद किया है।

पुलिस अधीक्षक श्री ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने लगातार हो रही चोरी की घटनाओं की जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर कबाड़ दुकान के पास घेराबंदी कर हेमु कुमार सेन (33 वर्ष), निवासी गार्डन चौक, बलौदाबाजार को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने शहर एवं ग्राम करमदा क्षेत्र में हुई तीन अलग-अलग केबल चोरी की वारदातों को अकेले अंजाम देना स्वीकार किया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने सबसे पहले जून माह में ग्राम करमदा के महामाया चौक, बांधापारा एवं अन्य स्थानों पर लगे सबमर्सिबल पंपों से केबल वायर चोरी किया। इसके बाद 7-8 जून की दरमियानी रात वार्ड क्रमांक 17 के पाड़ेपारा स्कूल, लोहिया नगर और रिसदा रोड स्थित पंपों को निशाना बनाया। वहीं 7-8 जुलाई की रात वार्ड क्रमांक 20 के बंगला क्षेत्र एवं परसाभांठा दामोदर बाड़ा के पास लगे सबमर्सिबल पंपों से भी केबल वायर काटकर चोरी कर ली।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कुकुरदी भाठा स्थित झोपड़ीनुमा मकान और झाड़ियों में छिपाकर रखे गए चोरी के केबल वायर और तांबे के तार को बरामद कर जब्त किया। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी के सामान को कबाड़ी के पास बेचने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही उसे दबोच लिया गया।

मामले में थाना सिटी कोतवाली में दर्ज अपराध क्रमांक 580/2026, 581/2026 एवं 582/2026 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

पुलिस ने बताया कि इस पूरे मामले का खुलासा करने में कोतवाली पुलिस टीम के प्रधान आरक्षक देवेंद्र देवांगन, महिला प्रधान आरक्षक अन्नपूर्णा बंजारे एवं प्रधान आरक्षक कमल कैवर्त्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने कहा कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment