गबौद। छत्तीसगढ़ शासन की ‘सबको शिक्षा, अच्छी शिक्षा’ की अवधारणा को साकार करते हुए शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय गबौद में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए शाला परिसर में विभिन्न पौधों का रोपण किया।
कार्यक्रम में छ.ग. संकुल शैक्षिक समन्वयक संघ के प्रांताध्यक्ष श्री विक्रम राय ‘गुरुजी’ विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों के साथ मिलकर पौधे लगाए और उन्हें ‘एक बच्चा, एक पेड़’ के संकल्प के साथ पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर श्री विक्रम राय ‘गुरुजी’ ने कहा,
“शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं है। जब तक हम अपने पर्यावरण को स्वच्छ और हरा-भरा नहीं रखेंगे, तब तक स्वस्थ समाज की कल्पना नहीं की जा सकती। यदि प्रत्येक बच्चा एक पेड़ लगाए और उसकी देखभाल करे, तो आने वाले समय में हमारा राज्य और देश हरा-भरा होगा। शिक्षकों का दायित्व है कि वे बच्चों को केवल पढ़ाएं ही नहीं, बल्कि संस्कार और प्रकृति से प्रेम भी सिखाएं।”
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षिका श्रीमती पूनम दर्रो ने कहा कि बच्चों ने बहुत उत्साह के साथ पौधे लगाए। उन्होंने बच्चों से आग्रह किया कि वे लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करें, ताकि पौधे वृक्ष बनकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे सकें। वृक्षारोपण के दौरान बच्चों ने “पेड़ लगाओ, पर्यावरण बचाओ” के नारे लगाए और कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर पौधों को पानी दिया।कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
पढ़ाई भी और पेड़ भी
कार्यक्रम का मुख्य संदेश यही रहा कि शिक्षा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की भावना भी बच्चों में विकसित की जाए। “पढ़ाई भी, और पेड़ भी” का संदेश देते हुए विद्यालय ने समाज को हरियाली और जागरूकता की दिशा में प्रेरित किया।