गरियाबंद। पहली ही बारिश में खोकसरा से निष्टिगुडा को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह बदहाल हो गया है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने और कीचड़ फैलने से आवागमन बेहद मुश्किल हो गया है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली छात्र-छात्राओं और दोपहिया वाहन चालकों को उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क पर कीचड़ और दलदल जैसी स्थिति बनने से पैदल चलना भी चुनौती बन गया है। दोपहिया वाहन चालक आए दिन फिसलकर गिर रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है।
इस मार्ग से प्रतिदिन स्कूल जाने वाले बच्चों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कीचड़ के कारण बच्चों के कपड़े, जूते और किताबें खराब हो रही हैं। कई छात्र-छात्राएं सड़क की खराब स्थिति के चलते नियमित रूप से स्कूल भी नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि खोकसरा-निष्टिगुडा मार्ग की समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मुरमीकरण या सड़क मरम्मत का कार्य शुरू कराया जाए, ताकि आम लोगों और स्कूली बच्चों को राहत मिल सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द सुधार कार्य नहीं कराया गया तो बारिश के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।