पलारी। संडी-जारा मार्ग पर सड़क निर्माण में बरती जा रही कथित लापरवाही और बारिश के बीच बिछी ढीली मुरूम एक बार फिर हादसे की वजह बन गई। रविवार दोपहर करीब 2 बजे मुसुवाडीह निवासी एक युवक की बाइक फिसल गई, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में युवक के कान में गंभीर चोट आई और काफी रक्तस्राव हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बारिश के पानी से सड़क पर बिछी मुरूम कीचड़ में बदल गई थी। इसी दौरान युवक की बाइक का संतुलन बिगड़ा और वह सड़क पर गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही पूर्व सरपंच प्रतिनिधि आशिष वर्मा ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची 112 की टीम ने घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद पलारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। गौरतलब है कि संडी-जारा मार्ग पर पिछले कुछ समय से लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क पर बिछाई गई मुरूम को न तो समतल किया गया और न ही बारिश के मौसम को देखते हुए कोई सुरक्षा व्यवस्था की गई। परिणामस्वरूप दोपहिया वाहन चालक रोज जान जोखिम में डालकर इस मार्ग से गुजरने को मजबूर हैं।ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद संबंधित विभाग और प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था नहीं की गई तो किसी बड़े हादसे की पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।
Most recent
More