रिश्तों का कत्ल: सगे भतीजे ने ही रची थी 80 वर्षीय बूढ़ी चाची से लूट की साजिश, प्रेमिका सहित 4 गिरफ्तार

BIRENDRA KUMAR SEN

July 3, 2026

रिश्तों का कत्ल: सगे भतीजे ने ही रची थी 80 वर्षीय बूढ़ी चाची से लूट की साजिश, प्रेमिका सहित 4 गिरफ्तार

भाटापारा।

भाटापारा शहर क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां चंद रुपयों की खातिर एक सगे भतीजे ने ही अपनी 80 वर्षीय असहाय चाची को लूटने की घिनौनी साजिश रच डाली। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए घटना के मास्टरमाइंड (भतीजे), उसकी प्रेमिका सहित कुल चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से शत-प्रतिशत मशरूका (लूटे गए जेवरात) और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।

​मिली जानकारी के अनुसार, नयापारा वार्ड भाटापारा निवासी 80 वर्षीय वृद्धा श्रीमती हीराबाई ध्रुव, जो वृद्धा पेंशन से अपना जीवन यापन करती हैं, ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि एक अज्ञात महिला और पुरुष मोटरसाइकिल से उनके पास आए। उन्होंने खुद को अस्पताल में भर्ती उनके एक रिश्तेदार का पड़ोसी बताया और चालाकी से वृद्धा का विश्वास जीत लिया।

​इसके बाद आरोपी वृद्धा को अस्पताल पहुंचाने का बहाना बनाकर मोटरसाइकिल पर बैठाकर बोडतरा रोड स्थित एक सुनसान रास्ते पर ले गए। वहां आरोपियों ने वृद्धा के गले से सोने का मंगलसूत्र (जिसमें 12 पत्ती सोने का लॉकेट और 12 नग सोने का गेहूं दाना लगा हुआ था) झपट लिया और मौके से फरार हो गए। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 208/2026 के तहत बीएनएस (BNS) की धारा 304, 61(2), और 318(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

​पुलिस अधीक्षक श्री ओ.पी. शर्मा के कड़े रुख और कुशल निर्देशन में भाटापारा शहर पुलिस टीम ने मामले की त्वरित जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। सीसीटीवी सर्विलांस की मदद से एक संदेही की पहचान प्रार्थिया के सगे भतीजे टेकूराम के दोस्त ‘गोलू’ के रूप में हुई।

​पुलिस ने बिना वक्त गंवाए दबिश देकर संदेही गोलू उर्फ अजय ध्रुव को हिरासत में लिया। जब पुलिस ने उससे कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने जो खुलासा किया उसने सबको चौंका दिया। गोलू ने बताया कि इस पूरी लूट का मास्टरमाइंड कोई और नहीं बल्कि वृद्धा का सगा भतीजा टेकूराम ध्रुव था। टेकूराम ने अपनी प्रेमिका सरिता निषाद, साथी सागर मरकाम और गोलू के साथ मिलकर अपनी ही बूढ़ी चाची से लूट की पूरी पटकथा लिखी थी।

​आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उनके कब्जे से लूट का शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों से कुल 09.980 ग्राम सोने के जेवरात (10 नग सोने की पत्ती, 06 नग सोने का गेहूं दाना) जब्त किए हैं, जिसकी कुल कीमत लगभग 1,05,000/- रुपये आंकी गई है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई एच.एफ. डीलक्स मोटरसाइकिल (क्रमांक CG04 ML4105) और एक नीला-सफेद रंग का स्कार्फ भी जब्त किया गया है।

​पुलिस ने घेराबंदी कर तिल्दा-नेवरा (जिला रायपुर) निवासी चारों आरोपियों को दबोचा है:

  1. टेकूराम ध्रुव (उम्र 35 वर्ष) – (सगा भतीजा व मुख्य सूत्रधार)
  2. सरिता निषाद (उम्र 40 वर्ष) – (भतीजे की प्रेमिका)
  3. अजय उर्फ गोलू ध्रुव (उम्र 39 वर्ष) – (साथी)
  4. सागर मरकाम (उम्र 30 वर्ष) – (साथी)

​सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भाटापारा के समक्ष प्रस्तुत करने की वैधानिक प्रक्रिया की जा रही है। इस अंधे कत्ल/लूट के मामले का चंद घंटों में पर्दाफाश करने पर भाटापारा शहर पुलिस टीम की क्षेत्र में काफी सराहना हो रही है।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment