चांपा। पुलिस की पहचान केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों की मदद कर मानवीय मूल्यों को निभाना भी उसकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसका जीवंत उदाहरण चांपा थाना में पदस्थ प्रशिक्षु महिला उप निरीक्षक (PSI) रुकसाना बानो ने पेश किया, जिन्होंने अपनी संवेदनशीलता और तत्परता से एक बुजुर्ग महिला की मदद कर लोगों का दिल जीत लिया।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 25 जून 2026 की रात लगभग 8 बजे प्रशिक्षु महिला उप निरीक्षक रुकसाना बानो चांपा टाउन क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग ड्यूटी पर थीं। इसी दौरान बैरियर चौक के पास उनकी नजर एक बुजुर्ग महिला पर पड़ी, जो अत्यधिक यातायात और शारीरिक कमजोरी के कारण सड़क पार करने में असमर्थ थी।
स्थिति को गंभीरता से लेते हुए महिला अधिकारी तत्काल बुजुर्ग महिला के पास पहुंचीं। उन्होंने महिला का हाथ थामा और पूरी सावधानी के साथ उन्हें सुरक्षित तरीके से सड़क पार कराया। पुलिस अधिकारी की इस मानवीय पहल से बुजुर्ग महिला ने राहत महसूस की और भावुक होकर उनका आभार व्यक्त किया।
इस घटना को वहां मौजूद लोगों ने भी देखा और महिला अधिकारी की संवेदनशीलता एवं कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पुलिस का ऐसा मानवीय चेहरा समाज में विश्वास और सुरक्षा की भावना को और मजबूत करता है।
पुलिस विभाग का उद्देश्य केवल अपराधों पर नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि हर जरूरतमंद व्यक्ति की सहायता करना भी है। प्रशिक्षु महिला उप निरीक्षक रुकसाना बानो की यह पहल जनसेवा, संवेदनशीलता और मानवीय पुलिसिंग का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आई है।