बिलासपुर में फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर युवक को फंसाने की साजिश का भंडाफोड़, युवती गिरफ्तार

BIRENDRA KUMAR SEN

June 23, 2026

बिलासपुर में फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर युवक को फंसाने की साजिश का भंडाफोड़, युवती गिरफ्तार

बिलासपुर। बिलासपुर की तोरवा पुलिस ने एक अनोखे और गंभीर साइबर अपराध का पर्दाफाश करते हुए एक 26 वर्षीय युवती को गिरफ्तार किया है। आरोपी युवती ने एक युवक के नाम पर फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई, उससे अश्लील और धमकी भरे संदेश प्रसारित किए और फिर खुद ही पीड़िता बनकर पुलिस में झूठी शिकायत भी दर्ज करा दी।

​पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, तिफरा के रहने वाले संजय रात्रे ने 15 मई 2026 को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि कोई अज्ञात व्यक्ति उनके नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी चला रहा है। इस फर्जी अकाउंट के जरिए लोगों को अश्लील और आपत्तिजनक संदेश भेजकर उनकी सामाजिक छवि को खराब करने की कोशिश की जा रही थी।

शिकायत मिलने के बाद साइबर सेल और तोरवा पुलिस ने मामले की तकनीकी जांच शुरू की। आईपी एड्रेस और डिजिटल फुटप्रिंट्स खंगालने पर पुलिस के होश उड़ गए। जांच में पता चला कि इस फर्जी आईडी का संचालन कोई और नहीं, बल्कि तोरवा क्षेत्र की ही रहने वाली 26 वर्षीय प्रीति सूर्यवंशी कर रही थी।

मामले में तब एक नया मोड़ आया जब तकनीकी जांच से यह भी साफ हुआ कि आरोपी प्रीति सूर्यवंशी ने खुद को ही पीड़ित दिखाते हुए तोरवा थाने में पहले एक शिकायत दर्ज कराई थी। उसने पुलिस को बताया था कि संजय रात्रे नाम का युवक उसे सोशल मीडिया पर ब्लैकमेल कर रहा है। सबूत के तौर पर उसने चैट्स के स्क्रीनशॉट भी पुलिस को सौंपे थे।

​हालांकि, डिजिटल फॉरेंसिक जांच में यह पूरी कहानी झूठी निकली। प्रीति खुद ही वह फर्जी आईडी चला रही थी, खुद को ही आपत्तिजनक मैसेज भेजती थी और फिर उन्हीं स्क्रीनशॉट का इस्तेमाल करके संजय रात्रे को फंसाने की साजिश रच रही थी।

​तोरवा पुलिस ने आरोपी युवती प्रीति सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ फर्जी दस्तावेज/अकाउंट तैयार करने, झूठी शिकायत दर्ज कराने और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment