बिलासपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ब्राह्मण मातृशक्ति परिषद्, बिलासपुर इकाई द्वारा एक विशेष योग कार्यक्रम का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मातृशक्ति, समाज के वरिष्ठजन एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर योग के महत्व को समझा और नियमित योगाभ्यास करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए जिला सचिव अंजू शर्मा ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य लोगों को योग एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ योग और स्वास्थ्य जागरूकता संदेश के साथ हुआ। प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में उपस्थित महिलाओं और अन्य प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम तथा ध्यान का अभ्यास किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और गौरवशाली संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। यह केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का माध्यम नहीं है, बल्कि मानसिक शांति, आत्मिक संतुलन और सकारात्मक जीवन दृष्टिकोण विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
समग्र ब्राह्मण मातृशक्ति परिषद् की जिलाध्यक्ष रमा दीवान ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय की व्यस्त और तनावपूर्ण जीवनशैली में योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने का सबसे सरल और प्रभावी उपाय है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने और इसके लाभों को समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य जागरूकता, सकारात्मक सोच, मानसिक मजबूती और पारिवारिक संस्कारों को सुदृढ़ बनाने में योग की भूमिका पर भी विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिभागियों ने योग को नियमित रूप से अपनाने तथा इसके संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
आयोजन के सफल संचालन में सरिता तिवारी, माया दुबे, पुष्पा दुबे, चंद्रकांता गौरहा, शशि द्विवेदी, सरोज तिवारी, रमा दीवान, ज्योति, कविता, रानी, नेहा, विभा दीदी सहित बिलासपुर इकाई की सभी मातृशक्ति सदस्यों एवं समाज के अन्य सम्मानित लोगों की सक्रिय सहभागिता रही। सभी की उपस्थिति से कार्यक्रम प्रेरणादायक, सफल और यादगार बन गया।
कार्यक्रम के समापन पर परिषद् की ओर से आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों, अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।