पलारी | बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के थाना पलारी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिसदेवरी में अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए नकदी सहित घरेलू सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना 4 जून की देर रात, रात 12 बजे के बाद की बताई जा रही है। चोरी की इस वारदात से गांव में दहशत का माहौल है, क्योंकि पिछले महीने भी यहां चोरी की घटना सामने आ चुकी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम सिसदेवरी निवासी बबला साहू का परिवार कमाने-खाने के लिए रायपुर गया हुआ था। घर की देखरेख उनके पिता प्रेमू साहू कर रहे थे, जो रोज की तरह सुबह-शाम घर में पूजा-पाठ करने जाया करते थे। शुक्रवार सुबह जब वे पूजा करने पहुंचे तो घर का सामान अस्त-व्यस्त और बिखरा हुआ मिला। इसके बाद उन्होंने घर की जांच की, जहां चोरी की वारदात का पता चला।
बताया जा रहा है कि अज्ञात चोर घर में रखे करीब 40 हजार रुपए नकद, इंडेन गैस सिलेंडर ,संदूक, साड़ियां तथा अन्य घरेलू सामान चोरी कर ले गए। घटना की सूचना गांव के कोटवार के माध्यम से पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने के बाद थाना पलारी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा संभावित सुराग जुटाने में लगी हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार थाना पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने की प्रक्रिया में जुटा हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पिछले महीने भी चोरी की घटना हुई थी। लगातार हो रही वारदातों से लोगों में भय और असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। इस बीच गांव के गेवेंद्र चंद्राकर ने ग्राम सिसदेवरी के प्रमुख चौक-चौराहों और प्रवेश मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की शासन प्रशासन से मांग की है। उनका कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर कैमरे लगाए जाने से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी और चोरी जैसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।
ग्रामीणों ने भी पुलिस गश्त बढ़ाने तथा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और अज्ञात चोरों की तलाश की जा रही है।