खाकी का हरित संकल्प: विश्व पर्यावरण दिवस पर गरियाबंद पुलिस ने रोपे सैकड़ों छायादार और फलदार पौधे,

BHUPENDRA SINHA

June 5, 2026

गरियाबंद :- विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गरियाबंद पुलिस ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए रक्षित केंद्र (पुलिस लाइन) परिसर में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया।

कार्यक्रम की शुरुआत साप्ताहिक जनरल परेड से हुई, जिसमें पुलिस अधीक्षक ने सलामी लेकर परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। पुलिस अधीक्षक ने स्वयं फलदार पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर जिला पुलिस बल के सभी राजपत्रित अधिकारी, रक्षित निरीक्षक तथा पुलिस लाइन के जवान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पुलिस लाइन परिसर के विभिन्न स्थानों पर आम, जामुन, अमरूद सहित कई छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया गया।

पुलिस अधीक्षक ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं है, बल्कि समाज और प्रकृति के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच वृक्षारोपण भविष्य की पीढ़ियों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण देने का सबसे प्रभावी माध्यम है।

उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों से पौधारोपण के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया, ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में विशाल वृक्ष बनकर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह अभियान न केवल पर्यावरण संरक्षण के प्रति गरियाबंद पुलिस की प्रतिबद्धता को दर्शाता है, बल्कि समाज को भी प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित करने वाला एक सकारात्मक संदेश है।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment