कोरबा। ग्राम पंचायत बोईदा में विकास कार्यों को नई गति देते हुए विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। कुल 7.50 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत पांच विकास कार्यों का शुभारंभ विधायक प्रतिनिधि दुष्यंत शर्मा एवं सरपंच संजय राज ने विधिवत पूजा-अर्चना कर किया। लंबे समय से लंबित मांगों के पूरा होने पर ग्रामीणों ने खुशी जताई और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
भूमिपूजन के तहत सराईपाली में 1.50 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण, कासियाडीह मोड़ में 1.50 लाख रुपये की पचरी निर्माण, ओढ़ालीडीह में 1.50 लाख रुपये की पचरी निर्माण, समधिन डबरी तालाब के समीप 1.50 लाख रुपये की पचरी निर्माण तथा 1.50 लाख रुपये की लागत से उचित मूल्य दुकान शेड निर्माण कार्य कराया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि दुष्यंत शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि इन निर्माण कार्यों के पूर्ण होने से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और पंचायत क्षेत्र के विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।
सरपंच संजय राज ने कहा कि पंचायत के सभी वार्डों में आवश्यकता के अनुसार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। ग्रामीणों की मांगों को प्राथमिकता देते हुए लगातार नए निर्माण कार्य स्वीकृत कराए जा रहे हैं, जिससे लोगों को बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि पंचायत क्षेत्र में सड़क, पचरी, सार्वजनिक सुविधाओं सहित अन्य आवश्यक निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जा रहा है। उनके नेतृत्व में पंचायत में विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है, जिसका लाभ सीधे ग्रामीणों को मिल रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत में पहली बार विकास कार्यों की नियमित निगरानी और समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इससे पंचायत क्षेत्र में विकास की नई पहचान बनी है और ग्रामवासियों में संतोष का माहौल है।
कार्यक्रम में पंच भुनेश्वरी पटेल, गौरी बाई, शांति लाल पटेल, माखन पटेल, पंच प्रतिनिधि तुंगन पटेल, रामशरण पटेल, बलवान पटेल, संतोष पटेल सहित पंचायत के जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। विकास कार्यों के शुभारंभ पर ग्रामीणों ने खुशी व्यक्त करते हुए जनप्रतिनिधियों का आभार जताया।