नल-जल योजना के पाइप चोरी करने वाले 8 आरोपी गिरफ्तार, कबाड़ में बेचने का खुलासा

SARJU PRASAD SAHU

June 4, 2026

बसना। शासकीय नल-जल योजना में उपयोग किए जा रहे लोहे के पाइप और गेट वॉल्व की चोरी करने वाले 8 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपियों ने चोरी किए गए पाइपों को तोड़कर कबाड़ के रूप में बेच दिया था। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की सामग्री के अवशेष भी बरामद किए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 2 जून 2026 को प्रार्थी सुनील अग्रवाल, निवासी ग्राम सराईपाली ने चौकी भंवरपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम ललितपुर में नल-जल योजना के तहत पानी टंकी निर्माण एवं पाइप फिटिंग का कार्य चल रहा था। इसी दौरान 8 और 9 मई 2026 की मध्यरात्रि अज्ञात चोरों ने पानी टंकी परिसर से 6 नग लोहे के पाइप तथा एक लोहे का गेट वॉल्व चोरी कर लिया। चोरी गई सामग्री की कुल कीमत लगभग 90 हजार रुपये बताई गई।

रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान जानकारी मिली कि घटना की रात कुछ युवकों ने पानी टंकी के समीप रहने वाले एक व्यक्ति से पाना-पेंचिस मांगा था। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेहियों से पूछताछ की। पूछताछ में टीकेलाल पिता होरीलाल, किशोर कुमार, किशन कुमार, जयकुमार, राजू यादव और पीयूष दीवान, सभी निवासी बमणीडीह ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए लोहे के पाइपों को पत्थर से तोड़कर टुकड़ों में बदल दिया गया और बाद में सागरपाली निवासी गणपत मिर्धा तथा खगेश मिर्धा को कबाड़ के भाव में बेच दिया गया। पुलिस ने दोनों कबाड़ी आरोपियों के पास से नल-जल योजना में उपयोग होने वाले पाइपों के टुकड़े बरामद कर लिए।

पुलिस ने शासकीय योजना की संपत्ति को चोरी कर क्षति पहुंचाने के मामले में सभी आरोपियों के विरुद्ध धारा 305(ई) बीएनएस एवं लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम की धारा 3 के तहत अपराध दर्ज किया। गिरफ्तार सभी 8 आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शासकीय योजनाओं की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि जनहित की योजनाओं का सुचारू संचालन प्रभावित न हो।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment