गरियाबंद में स्थित न्यू सर्किट हाउस में रविवार सुबह करीब 6:30 बजे अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी होने की आशंका जताई जा रही है, जो स्टोर रूम से शुरू होकर देखते ही देखते किचन तक फैल गई।
आग की चपेट में आने से फ्रिज, अलमारी, सीलिंग फैन सहित बड़ी मात्रा में रखा सामान जलकर राख हो गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आगजनी में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है। समय रहते आग पर काबू पा लेने से बड़ा हादसा टल गया।