सोनाखान वनांचल के खिलाड़ियों ने रचा इतिहास, डोंगरगढ़ वूशु प्रतियोगिता में बलौदा बाजार जिला बना ओवरऑल स्टेट चैंपियन

SARJU PRASAD SAHU

May 29, 2026

रिकोकला/सोनाखान। डोंगरगढ़ में 20 से 24 मई तक आयोजित 17वीं राज्य स्तरीय वूशु प्रतियोगिता में बलौदा बाजार जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। विशेष रूप से सोनाखान वनांचल क्षेत्र के छोटे-छोटे गांवों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन कर जिले को ‘ओवरऑल स्टेट चैंपियन’ का खिताब दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

प्रतियोगिता में जिले से कुल 39 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। बलौदा बाजार जिले ने 1 गोल्ड, 6 सिल्वर और 5 ब्रॉन्ज मेडल जीतकर सर्वाधिक पदकों के साथ ओवरऑल चैंपियन ट्रॉफी अपने नाम की। इस ऐतिहासिक उपलब्धि से सोनाखान वनांचल सहित पूरा जिला गौरवान्वित है।

ताउलु ग्रुप इवेंट के जूनियर वर्ग में बिजेमाल गांव की खिलाड़ी सोनी रात्रे, पूजा दीप, कविता मांझी, अंजू साहू एवं कुसुम भोई ने कांस्य पदक जीतकर क्षेत्र का मान बढ़ाया। वहीं सोनपुर और चांदन ग्राम के खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले की सफलता में विशेष योगदान दिया।

पदक विजेता खिलाड़ी

-कुमारी थर्मिला विश्वकर्मा (चांदन) — 45 किग्रा महिला सीनियर वर्ग — सिल्वर मेडल

-सुनील पटेल (सोनपुर) — 45 किग्रा जूनियर वर्ग — गोल्ड मेडल

-निलेश साहू — 75 किग्रा जूनियर वर्ग — ब्रॉन्ज मेडल

-दीनदयाल पटेल — 60 किग्रा जूनियर वर्ग — ब्रॉन्ज मेडल

-लोचन पटेल — 48 किग्रा जूनियर वर्ग — ब्रॉन्ज मेडल

-तुलेश चौहान (खैरा) — 54 किग्रा जूनियर वर्ग — ब्रॉन्ज मेडल

गौरतलब है कि इन खिलाड़ियों ने सीमित संसाधनों और आधुनिक सुविधाओं के अभाव में यह उपलब्धि हासिल की है। बरपानी ग्राम स्थित शासकीय हाई स्कूल के खुले मैदान में नियमित अभ्यास कर खिलाड़ियों ने कठिन मेहनत और अनुशासन के दम पर सफलता प्राप्त की।

जिला वूशु एसोसिएशन के सीनियर खिलाड़ी एवं कोच संजय कुमार जगत ने कहा कि यदि इन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक खेल सुविधाएं मिलें, तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकते हैं।

खिलाड़ियों की इस सफलता पर जिला बलौदा बाजार वूशु एसोसिएशन ने सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं छत्तीसगढ़ वूशु संघ के अध्यक्ष संजय पिल्ले, जनरल सेक्रेटरी डी. कोंडिया तथा कोच संजय जगत ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए इसे वनांचल क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment