पांडुका/गरियाबंद :- पैरी नदी के बीच बने कुकदा डैम में रविवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया, जहां पानी में डूबने से एक युवक और एक युवती की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सभी युवक-युवती रायपुर से घूमने के लिए कुकदा डैम पहुंचे थे।
पांडुका पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कुल चार लोग रायपुर से कुकदा डैम घूमने आए थे, जिनमें एक युवती और तीन युवक शामिल थे। शाम करीब 5 बजे सभी डैम में नहाने के लिए उतरे। इसी दौरान गहरे पानी में चले जाने से 22 वर्षीय सिंपी एवं 23 वर्षीय पीयूष मंडल डूब गए।
घटना की सूचना मिलते ही पांडुका पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों के शवों को बाहर निकलवाया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कुकदा डैम में कई लोगों की जान जा चुकी है। सिंचाई विभाग द्वारा डैम के आसपास बड़े-बड़े चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं तथा नीचे उतरने से मना किया गया है। सुरक्षा के लिए तार घेरा भी किया गया है, लेकिन इसके बावजूद लोग नियमों की अनदेखी कर पानी में उतर जाते हैं।
जानकारों का कहना है कि डैम के कई हिस्सों में अचानक गहराई बढ़ जाती है, जिसका अंदाजा लोगों को नहीं लग पाता और हादसे हो जाते हैं।