बिलासपुर। 26 मई 2026 जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में लोगों की रोजमर्रा की समस्याएं प्रमुखता से सामने आईं। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर आयोजित जनदर्शन में अपर कलेक्टर एसएस दुबे ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की शिकायतें गंभीरता से सुनीं। इस दौरान आवास, राशन कार्ड, भूमि डायवर्सन, तालाब अतिक्रमण, दिव्यांग सहायता और प्राकृतिक आपदा मुआवजा जैसी समस्याओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए गए। अधिकांश मामलों में अपर कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना में मकान की मांग
ग्राम दर्रीघाट निवासी संगीता खांडे ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान उपलब्ध कराने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि परिवार बेहद आर्थिक तंगी से गुजर रहा है। पति की सीमित आय में किराए के मकान में रहकर दो बच्चों का पालन-पोषण करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने प्रशासन से स्थायी आवास उपलब्ध कराने की गुहार लगाई।
नया बीपीएल राशन कार्ड बनाने की मांग
तखतपुर ब्लॉक के परसदा निवासी संतोषी निर्मलकर ने नया बीपीएल राशन कार्ड बनाए जाने के लिए आवेदन सौंपा। उन्होंने बताया कि पहले भी राशन कार्ड के लिए आवेदन दिया जा चुका है, लेकिन अब तक कार्ड जारी नहीं हुआ। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार होने के कारण उन्हें शासकीय योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
भूमि डायवर्सन की अनुमति की मांग
पचपेड़ी तहसील के ग्राम गोड़ाडीह निवासी लकेश्वर ने अपनी भूमि के डायवर्सन के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि वे अपनी जमीन के एक हिस्से का उपयोग व्यवसायिक गतिविधियों के लिए करना चाहते हैं। इसके लिए नियमानुसार भूमि डायवर्सन की अनुमति देने की मांग प्रशासन से की गई।
तालाब पर अतिक्रमण और प्रदूषण की शिकायत
ग्राम खमतराई के ग्रामीणों ने जनदर्शन में ज्ञापन सौंपकर गांव के प्राचीन तालाब को बचाने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि असामाजिक तत्व तालाब पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं और लगातार उसमें गंदगी फेंककर प्रदूषित कर रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर तालाब को सुरक्षित करने की मांग की।
दिव्यांग युवक ने ट्राई साइकिल के लिए लगाई गुहार
कपसिया कला निवासी दिव्यांग युवक सावन कुमार ने जनदर्शन में ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने के लिए आवेदन दिया। उन्होंने प्रशासन से सहायता उपलब्ध कराने की मांग की ताकि दैनिक जीवन में आने वाली परेशानियों से राहत मिल सके।
बरगद का पेड़ गिरने से प्रभावित परिवारों ने मांगा मुआवजा
शहरी क्षेत्र के फजलबाड़ा वार्ड क्रमांक 33, गांधीनगर निवासी राधा गायकवाड़ और शिवकुमारी यादव ने प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग की। उन्होंने बताया कि हाल ही में एक विशाल बरगद का पेड़ उनके मकानों पर गिर गया था, जिससे मकानों को भारी नुकसान पहुंचा। दोनों परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हैं और मकान की मरम्मत कराने में असमर्थ हैं। पीड़ित परिवारों ने शासन से तत्काल आर्थिक सहायता देने की अपील की।
अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
जनदर्शन के दौरान अपर कलेक्टर एसएस दुबे ने सभी आवेदकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को मामलों की जांच कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।