बिलासपुर में ईद-उल-जुहा और मोहर्रम को लेकर शांति समिति की बैठक, प्रशासन ने दिए सुरक्षा और व्यवस्था के निर्देश

SARJU PRASAD SAHU

May 25, 2026

बिलासपुर। आगामी ईद-उल-जुहा और मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी कड़ी में रविवार को जिला कार्यालय में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने की। बैठक में विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने त्योहारों को भाईचारे और शांति के साथ मनाने पर सहमति जताई।

बैठक में प्रशासन ने साफ किया कि त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जाएंगे। पुलिस विभाग को शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, संवेदनशील इलाकों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।

नगर निगम को साफ-सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। खासतौर पर जुलूस मार्गों और धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष व्यवस्था करने को कहा गया है। वहीं स्वास्थ्य विभाग को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सिम्स और जिला अस्पताल में एम्बुलेंस, डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा बिजली विभाग को त्योहारों के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। अन्य विभागों को भी अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सतर्क रहने और आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

बैठक में मौजूद शांति समिति के सदस्यों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि दोनों पर्व आपसी भाईचारे, सद्भाव और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाए जाएंगे।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, एडीएम शिवकुमार बनर्जी, एडिशनल एसपी शहरी पंकज कुमार पटेल, एसडीएम मनीष साहू, सिटी मजिस्ट्रेट रजनी भगत, शांति समिति सदस्य हबीब मेमन, सुधीर खंडेलवाल, मनजीत सिंह, चंचल सलूजा, डॉ. बसंत अंचल, प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा, अनिल शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment