पीरियड्स पर खुलकर बोलो”: गिधपुरी के सुशासन तिहार में स्काउट्स-गाइड्स का नाटक प्रस्तुति, गांव-गांव पहुंचा माहवारी स्वच्छता का संदेश

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

May 23, 2026


पलारी/गिधपुरी।
“माहवारी शर्म नहीं, समझ और स्वास्थ्य का विषय है…” इसी सशक्त संदेश के साथ सुशासन तिहार में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के , रोवर-रेंजर्स ने ऐसा जागरूकता नाटक प्रस्तुत किया, जिसने ग्रामीणों को सोचने पर मजबूर कर दिया।

भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ द्वारा यूनिसेफ के संयुक्त तत्वावधान में चलाए जा रहे माहवारी स्वच्छता प्रबंधन अभियान के अंतर्गत ब्लॉक पलारी के ग्राम गिधपुरी में आयोजित सुशासन तिहार में माहवारी स्वच्छता को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम राज्य मुख्य आयुक्त श्री इंद्रजीत खालसा, राज्य सचिव श्री बृजेश वाजपेयी, जिला शिक्षा अधिकारी श्री हिमांशु भारती एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री नरेश वर्मा के निर्देशन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में आसपास के 16 गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। शिविर में जल विभाग, पुलिस विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल भी लगाए गए थे। इसी बीच स्काउट्स-गाइड्स रोवर-रेंजर्स ने मंच के माध्यम से माहवारी स्वच्छता पर आधारित नाटक प्रस्तुत कर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

माहवारी स्वच्छता प्रबंधन लीडर नेहा उपाध्याय के नेतृत्व में प्रस्तुत नाटक में बताया गया कि माहवारी के दौरान महिलाओं को किस प्रकार का खान-पान रखना चाहिए, शरीर में क्या परिवर्तन होते हैं और इस दौरान परिवार के अन्य सदस्यों को महिलाओं का सहयोग कैसे करना चाहिए। कलाकारों ने संदेश दिया कि पीरियड्स कोई शर्म या छिपाने का विषय नहीं, बल्कि खुलकर चर्चा करने का मुद्दा है ताकि समाज में फैली भ्रांतियां दूर हों और महिलाएं गंभीर बीमारियों से बच सकें।

कार्यक्रम के दौरान स्काउट्स-गाइड्स द्वारा विभिन्न विभागों एवं ग्रामीणों के बीच माहवारी जागरूकता संबंधी पर्चों का वितरण भी किया गया। लोगों से अपील की गई कि वे अपनी सोच बदलें और महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील बनें।

नाटक की प्रस्तुति ने दर्शकों और अतिथियों का दिल जीत लिया। ग्रामीणों ने कहा कि माहवारी जैसे संवेदनशील विषय पर इतनी प्रभावी प्रस्तुति समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का काम करेगी।

इस अभियान में जिला सचिव श्री जगदीश साहू, जिला संगठन आयुक्त स्काउट श्री सूरज कसार, जिला संगठन आयुक्त गाइड नेहा उपाध्याय, जिला प्रशिक्षण आयुक्त स्काउट श्री मनीष बघेल, जिला प्रशिक्षण आयुक्त गाइड सुश्री रजनी कल पाटकर, ब्लॉक सचिव श्री संजीव पटेल सहित जिला के अन्य पदाधिकारियों का विशेष मार्गदर्शन रहा।

प्रबंध संपादक (Managing Editor)

Share this content:

Leave a Comment