पत्रकार सुरक्षा को लेकर सर्व पत्रकार एकता महासंघ का प्रदर्शन, बिलासपुर कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन
बिलासपुर। पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों को लेकर सक्रिय सर्व पत्रकार एकता महासंघ छत्तीसगढ़ ने बुधवार को बिलासपुर संभाग आयुक्त सुनील जैन को ज्ञापन सौंपकर पत्रकारों पर बढ़ते हमलों, फर्जी FIR और उत्पीड़न के मामलों पर चिंता जताई। संगठन ने प्रशासन से सकारात्मक सहयोग और पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रदेशाध्यक्ष प्रमोद कुमार बंजारे के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश उपाध्यक्ष नरेश चौहान, संतोष भट्ठ, जिला अध्यक्ष शक्ति भूपेंद्र लहरे सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
महासंघ ने अपने पंजीयन क्रमांक 122202521964 का उल्लेख करते हुए बताया कि संगठन पत्रकार हितों की रक्षा, विधिक सहायता उपलब्ध कराने तथा जनसमस्याओं और भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों को उजागर करने के उद्देश्य से कार्य कर रहा है।
प्रदेशाध्यक्ष प्रमोद कुमार बंजारे ने कहा कि लोकतंत्र में स्वतंत्र और निर्भीक पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। संगठन प्रशासन और जनता के बीच मजबूत सेतु बनकर जनहित में कार्य करना चाहता है। उन्होंने पत्रकारों के खिलाफ फर्जी मामलों और उत्पीड़न पर रोक लगाने की मांग भी उठाई।
महासंघ ने बताया कि ज्ञापन की प्रतिलिपि जिला प्रशासन बिलासपुर, पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज, छत्तीसगढ़ शासन तथा सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को भी भेजी गई है।