पलारी कॉलेज के छात्रों ने मंत्री के सामने रखीं 7 बड़ी मांगें ### नए विषय, लाइब्रेरी भवन और शौचालय निर्माण की मांग; बोले- सुविधाओं के अभाव में प्रभावित हो रही पढ़ाई
**पलारी।** शासकीय महाविद्यालय पलारी के छात्र-छात्राओं ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार और मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर क्षेत्र के प्रभारी मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल को ज्ञापन सौंपा। भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष लोकेश यदु के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने कॉलेज की वर्षों पुरानी समस्याएं सामने रखीं और जल्द निराकरण की मांग की।
छात्रों ने बताया कि महाविद्यालय में उच्च शिक्षा के पर्याप्त संसाधन नहीं होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। विज्ञान संकाय में स्नातकोत्तर स्तर की पढ़ाई उपलब्ध नहीं होने के कारण कई छात्रों को दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है। इसका सबसे ज्यादा असर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों पर पड़ रहा है।
### छात्रों ने रखीं ये 7 प्रमुख मांगें
* एमएससी गणित विषय शुरू किया जाए * जीव विज्ञान में स्नातकोत्तर कक्षाएं शुरू हों * वनस्पति विज्ञान विषय की पढ़ाई प्रारंभ हो * बीए में भूगोल विषय जोड़ा जाए * स्वतंत्र ग्रंथालय भवन बनाया जाए * आधुनिक सेमिनार हॉल और अध्ययन कक्ष की व्यवस्था हो * शौचालय निर्माण एवं कॉलेज मैदान का समतलीकरण कराया जाए
विद्यार्थियों का कहना है कि भूगोल विषय नहीं होने से कई छात्र अपनी पसंद के विषय से पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं। वहीं पुस्तकालय और अध्ययन के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी प्रभावित हो रही है।
छात्राओं ने विशेष रूप से शौचालय निर्माण की मांग उठाते हुए कहा कि मूलभूत सुविधाओं की कमी से उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। वहीं मैदान समतल नहीं होने से खेलकूद और अन्य गतिविधियों के आयोजन में भी परेशानी होती है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान छात्रों ने उम्मीद जताई कि शासन और प्रशासन उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करेगा। इस दौरान परमेश्वर साहू, योगेश पटेल, अजय कनौजे, भूपेंद्र निषाद, दीपक ईगल, सतीश साकेत, मनीष, यामिनी, वर्षा, निशू, भूमि, ललिता, तनु, योगिता, सुहानी, चित्ररेखा, हेमलता, अदिति, दिव्या, काजल, राधिका, याशना, टिकेश्वरी, वंदना वर्मा, कंचन वर्मा, भाग्यलक्ष्मी यादव, रितु, नीलम और पल्लवी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।