प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज जिला पदाधिकारियों का चुनाव कल

SARJU PRASAD SAHU

May 8, 2026

प्रदेश के निर्वाचन अधिकारी कराएंगे निर्वाचन प्रक्रिया सम्पन्न

महासमुंद। प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज की महासमुंद जिला कार्यकारिणी के कार्यकाल पूर्ण होने के बाद नए जिला पदाधिकारियों के निर्वाचन हेतु तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस संबंध में 28 अप्रैल 2026 को आयोजित जिला स्तरीय बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 10 मई 2026, रविवार को साहू सदन, बी.टी.आई. रोड महासमुंद में निर्वाचन अथवा मनोनयन की प्रक्रिया सम्पन्न कराई जाएगी।

प्रदेश कार्यालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार जिला कार्यकारिणी के अध्यक्ष एवं सचिव पद के उम्मीदवारों के लिए आजीवन सदस्य होना अनिवार्य रखा गया है। वहीं अन्य पदों के लिए आजीवन सदस्य अथवा आगामी तीन वर्षों के साधारण सदस्य भी चुनाव प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे।

निर्वाचन नामांकन हेतु निर्धारित शुल्क के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए 5000 रुपए, सचिव पद के लिए 3000 रुपए, उपाध्यक्ष पद के लिए 2000 रुपए तथा सहसचिव, कोषाध्यक्ष, प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी पदों के लिए 1500 रुपए निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा 15 जिला कार्यकारिणी सदस्य पदों के लिए 1000 रुपए शुल्क रखा गया है।

निर्वाचन कार्यक्रम के तहत सुबह 9 बजे से 12 बजे तक नामांकन पत्र क्रय किए जाएंगे तथा दोपहर 12:30 बजे तक नामांकन जमा होंगे। इसके बाद 12:30 बजे से 1 बजे तक नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी कर सूची प्रकाशित की जाएगी। नाम वापसी का समय दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक निर्धारित किया गया है। भोजन अवकाश के पश्चात यदि किसी पद के लिए एकमात्र नामांकन प्राप्त होता है तो मनोनयन की घोषणा की जाएगी। वहीं एक से अधिक उम्मीदवार होने की स्थिति में निर्वाचन अधिकारी पृथक से चुनाव की तिथि निर्धारित करेंगे।

मुख्य जिला कार्यकारिणी के साथ ही युवा प्रकोष्ठ, महिला प्रकोष्ठ, शिक्षा प्रकोष्ठ, साहित्य एवं संस्कृति प्रकोष्ठ तथा संघर्ष समिति प्रकोष्ठ का भी मनोनयन किया जाएगा। इन प्रकोष्ठों के लिए सदस्यता एवं नामांकन शुल्क निशुल्क रखा गया है। पदाधिकारियों का चयन समाज एवं संगठन के प्रति समर्पण तथा बेदाग छवि के आधार पर किया जाएगा।

प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं जिला प्रभारी डमरु मनहर, सहसचिव दिनेश बंजारे, प्रदेश प्रवक्ता पी. एल. कोसरिया तथा एस. आर. बंजारे ने जिले के आजीवन एवं साधारण सदस्यों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर निर्वाचन प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment