सांकरा और गढ़फुलझर में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 57 जोड़ों का हुआ सामूहिक विवाह

SARJU PRASAD SAHU

May 8, 2026

बसना। बसना विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना के अंतर्गत सांकरा और गढ़फुलझर में भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किए गए, जहां कुल 57 जोड़ों ने वैदिक रीति-रिवाजों और मंत्रोच्चार के बीच विवाह बंधन में बंधकर नए जीवन की शुरुआत की। समारोह में क्षेत्रीय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया।

सांकरा स्थित समरसता भवन में आयोजित कार्यक्रम में 37 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। इस दौरान विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने मंच से शुभकामनाएं देने के साथ-साथ स्वयं प्रत्येक नवविवाहित जोड़े के पास पहुंचकर उन्हें शासन की ओर से उपहार भेंट किए और आत्मीयता से आशीर्वाद दिया। विधायक की इस संवेदनशीलता ने समारोह को भावुक और पारिवारिक वातावरण प्रदान किया।

इस अवसर पर विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि कन्यादान से बड़ा कोई दान नहीं होता और बेटियों का घर बसते देख उन्हें आत्मिक संतोष की अनुभूति हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता गरीब और जरूरतमंद परिवारों के चेहरे पर मुस्कान लाना है तथा मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने नवदम्पत्तियों के सुखद, समृद्ध और सफल वैवाहिक जीवन की कामना करते हुए कहा कि विवाह जीवन का सबसे महत्वपूर्ण अध्याय होता है, जिसे प्रेम, विश्वास और जिम्मेदारी के साथ निभाना चाहिए।

इसी क्रम में बसना विधानसभा के धार्मिक स्थल गढ़फुलझर स्थित मां रामचंडी मंदिर परिसर में भी 20 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न कराया गया। मंदिर परिसर में शहनाइयों की गूंज और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नवदम्पत्तियों ने सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया।

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक प्रतिनिधि एवं वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। इससे सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिलता है और विवाह में होने वाली फिजूलखर्ची पर भी रोक लगती है।

कार्यक्रम में उपस्थित वर-वधू पक्ष के परिजनों ने राज्य सरकार और विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योजना के माध्यम से उनकी बेटियों का सम्मानपूर्वक विवाह संपन्न हो सका और आर्थिक बोझ भी कम हुआ।

इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश अग्रवाल, जनपद अध्यक्ष ऊषा धृतलहरे, विधायक प्रतिनिधि कैलाश अग्रवाल, जनपद उपाध्यक्ष मोहित पटेल, प्रकाश सिन्हा, पुरुषोत्तम धृतलहरे, सोनू छाबड़ा, तहसीलदार प्रकृति सिंह, डीपीओ टिक्वेंद्र जाटवार, परियोजना अधिकारी रतन टांवर, अपर्णा श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment