ग्राम रेमड़ा में सुशासन तिहार 2026 का आयोजन, 931 आवेदनों में 149 का मौके पर समाधान

SARJU PRASAD SAHU

May 6, 2026

पिथौरा/बसना। बसना विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत विकासखंड पिथौरा के ग्राम रेमड़ा स्थित हाई स्कूल परिसर में ‘सुशासन तिहार 2026: जन समस्या निवारण शिविर’ का सफल आयोजन किया गया। “संवाद से समाधान” की थीम पर आयोजित इस शिविर में बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ।

शिविर को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. अग्रवाल ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उन्हें पारदर्शिता के साथ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सुशासन का अर्थ है कि आम नागरिकों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि प्रशासन स्वयं उनके द्वार तक पहुंचे। रेमड़ा में आयोजित यह शिविर इसी सोच का प्रत्यक्ष उदाहरण है।

विधायक ने विभिन्न विभागों—राजस्व, कृषि, स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास—के स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी पात्र हितग्राही को तकनीकी कारणों से योजनाओं से वंचित न रखा जाए। साथ ही, योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में आम जनता तक पहुंचाने पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय महिलाओं को सुपोषण आहार किट वितरित किए गए। विधायक ने महिलाओं को अपने स्वास्थ्य और पोषण का ध्यान रखने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि स्वस्थ माताएं ही स्वस्थ समाज की नींव होती हैं।

समापन सत्र में विधायक ने अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं को अपनी जिम्मेदारी समझकर उनका त्वरित समाधान करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि सुशासन तिहार के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा रहा है और भविष्य में भी ऐसे शिविर अन्य क्षेत्रों में आयोजित किए जाएंगे।

शिविर में कुल 931 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 149 का तत्काल निराकरण किया गया, जबकि 472 आवेदन संबंधित विभागों को अग्रेषित किए गए।

इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष उषा पुरुषोत्तम धृतलहरे, उपाध्यक्ष ब्रह्मानंद पटेल, पूर्व अध्यक्ष जिला सहकारी बैंक ओम प्रकाश चौधरी, सांसद प्रतिनिधि मनमीत छाबड़ा, जिला पंचायत सभापति जगमोती भोई एवं रामदुलारी सिन्हा, जनपद पंचायत सभापति पुरुषोत्तम धृतलहरे, सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment