पीएम आवास गड़बड़ी, पेयजल संकट, अतिक्रमण और अवैध खनन पर प्रशासन सख्त
बिलासपुर। 5 मई 2026 जिले में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। जनदर्शन में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से कुल 103 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें राजस्व, आवास, पेयजल, अतिक्रमण, सामाजिक सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मामले प्रमुख रहे।
कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे और जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल भी मौजूद रहे। कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदक से सीधे संवाद कर समस्याओं की जानकारी ली और अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पीएम आवास राशि गबन का मामला गंभीर पचपेड़ी तहसील के ग्राम बिनौरी निवासी तुलसीराम कुर्रे ने प्रधानमंत्री आवास योजना की स्वीकृत राशि में गड़बड़ी की शिकायत की। उन्होंने बताया कि उनके नाम स्वीकृत 95 हजार रुपए किसी अन्य खाते में ट्रांसफर कर दिए गए। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर राशि वापस दिलाने और दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
अतिक्रमण हटाने में लापरवाही पर नाराजगी बेलतरा तहसील के बैमा गांव के ग्रामीणों ने मुक्तिधाम से अतिक्रमण नहीं हटाए जाने की शिकायत की। कलेक्टर ने एसडीएम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
तखतपुर क्षेत्र से कई शिकायतें तखतपुर क्षेत्र से आए आवेदनों में सिलतरा गांव की गुलाबा बाई साहू ने शौचालय निर्माण हेतु सहायता मांगी, जबकि चनाडोंगरी निवासी राजेश कुमार ने आवास योजना में मजदूरी भुगतान लंबित होने की शिकायत की। दोनों मामलों में जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
अवैध खनन और जलस्रोतों पर संकट मोछ गांव के ग्रामीणों ने कुम्हार तालाब में अवैध मशीनों से खुदाई और मुरूम चोरी की शिकायत की। कलेक्टर ने खनिज विभाग को जांच के निर्देश दिए। वहीं रतनपुर तहसील के ग्राम पोंड़ में तालाब को निजी नाम पर दर्ज कर पाटे जाने के मामले में भी जांच के आदेश दिए गए।
पेयजल संकट पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश बिल्हा विकासखंड के ग्राम गोढ़ी और पत्थरखान में पेयजल संकट की शिकायतें सामने आईं। गोढ़ी गांव में जलस्तर अत्यधिक नीचे जाने और जल जीवन मिशन की टंकी बंद होने की जानकारी पर कलेक्टर ने पीएचई विभाग को तत्काल व्यवस्था बहाल करने के निर्देश दिए।
अन्य समस्याओं पर भी निर्देश कुवां गांव के प्रतिम श्रीवास ने गैस कनेक्शन के बावजूद सिलेंडर नहीं मिलने की शिकायत की। इमलीभांटा स्थित अटल आवास के निवासियों ने आवासीय समस्याएं रखीं, जिन पर संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि सभी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए ताकि आम नागरिकों को जल्द राहत मिल सके। जनदर्शन में प्रशासन की सक्रियता और जनसमस्याओं के समाधान के प्रति गंभीरता साफ नजर आई।