पश्चिम बंगाल में लंबे समय से चले आ रहे राजनीतिक तनाव और हिंसा के बीच आए चुनावी नतीजों ने सियासी माहौल बदल दिया है। भाजपा खेमे में जश्न का माहौल है और इसे संघर्ष व विश्वास की बड़ी जीत के रूप में देखा जा रहा है। भारतीय जनता युवा मोर्चा पलारी (भाजयुमो) मंडल अध्यक्ष प्रमोद देवांगन ने इस मौके पर सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को बधाई देते हुए कहा,“यह जीत उन सभी कार्यकर्ताओं के त्याग, समर्पण और अटूट विश्वास का परिणाम है, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी संगठन को मजबूत बनाए रखा। मैं सभी को इस जनादेश के लिए हार्दिक बधाई देता हूं।” उन्होंने तीखे अंदाज में कहा, “यह सिर्फ एक चुनावी जीत नहीं, बल्कि उन ताकतों को करारा जवाब है जो हिंसा और डर के सहारे राजनीति कर रही थीं। जनता ने साफ कर दिया है कि अब विकास और सुशासन ही प्राथमिकता है।”
देवांगन ने आगे कहा, “पार्टी द्वारा किए गए सभी वादों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा। जैसे छत्तीसगढ़ में हमारी सरकार विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है, वैसे ही पश्चिम बंगाल में भी विकास का सुस्पष्ट और प्रभावी मॉडल देखने को मिलेगा। ‘सोनार बांग्ला’ अब नारा नहीं, हकीकत बनेगा।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इसी उत्साह के साथ संगठन को और मजबूत करें और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी ताकत से जुट जाएं।