कोरबा। जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने के उद्देश्य से “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कटघोरा पुलिस अनुविभाग में विशेष जांच अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, नितीश ठाकुर और एसडीओपी विजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।
अभियान के दौरान कटघोरा, पाली और पासान थाना क्षेत्रों में स्थित होटल, लॉज और ढाबों की सघन जांच की गई। थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी के नेतृत्व में गठित टीम ने प्रमुख प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की बारीकी से पड़ताल की।
जांच के दौरान कहीं भी अवैध शराब बिक्री या परोसने जैसी गतिविधि सामने नहीं आई, लेकिन पुलिस ने संचालकों को नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही बिना वैध पहचान पत्र (आईडी) के किसी भी व्यक्ति को ठहराने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
अभियान के मुख्य बिंदु:
➡️ होटल, लॉज और ढाबों में सरप्राइज चेकिंग
➡️ अवैध गतिविधियों पर सतत निगरानी
➡️ नियमों के पालन के सख्त निर्देश
➡️ बिना आईडी ठहराने पर पूर्ण प्रतिबंध
➡️ उल्लंघन पर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी
पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनी रहे।