बिलासपुर। 27 अप्रैल 2026 छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) बिलासपुर में सामुदायिक चिकित्सा विभाग एवं जिला स्वास्थ्य तंत्र के संयुक्त तत्वावधान में रेबीज की रोकथाम एवं पशु काटने के प्रबंधन विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य नर्सिंग स्टाफ को रेबीज संक्रमण की पहचान, समय पर उपचार और मरीजों की प्रभावी देखभाल के लिए प्रशिक्षित करना था। विशेषज्ञों ने सत्र के दौरान रेबीज की उत्पत्ति, लक्षणों की पहचान तथा आपातकालीन उपचार की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संक्रमित पशु के काटने पर वायरस तंत्रिकाओं के माध्यम से मस्तिष्क तक पहुंचकर गंभीर प्रभाव डालता है, लेकिन समय पर टीकाकरण और सही प्रबंधन से इस जानलेवा बीमारी से बचाव संभव है।
कार्यक्रम में नर्सिंग स्टाफ को घाव की तत्काल सफाई, एंटी-रेबीज वैक्सीन (ARV) और इम्युनोग्लोब्युलिन के उपयोग सहित मरीजों की निगरानी से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी गई। अधिष्ठाता डॉ. मूर्ति ने कहा कि रेबीज एक जानलेवा लेकिन पूरी तरह रोके जा सकने वाला रोग है। वहीं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने हर पशु काटने के मामले में सतर्कता और त्वरित उपचार पर जोर दिया।
इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. हेमलता ठाकुर सहित अन्य चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, इंटर्न्स और स्वास्थ्यकर्मी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।