पिथौरा। सर्व ब्राह्मण समाज पिथौरा द्वारा भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम जन्मोत्सव एवं उपनयन (जनेऊ) संस्कार का दो दिवसीय भव्य आयोजन 29 व 30 अप्रैल को परशुराम चौक स्थित ब्राह्मण समाज भवन में किया जाएगा।
समाज अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि 29 अप्रैल को सुबह 10 बजे मंडपाच्छादन, स्वस्तिवाचन, गौरी-गणेश पूजन एवं भगवान परशुराम पूजन होगा। इसके बाद दोपहर 3 बजे हरिद्रालेपन व यज्ञोपवीत संस्कार तथा शाम 5 बजे मेहंदी, थाली सजावट, एक मिनट एवं बच्चों की डांस प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। रात्रि 9 बजे रामायण पाठ का आयोजन होगा।
30 अप्रैल को सुबह 10 बजे भगवान परशुराम जी के जीवन पर व्याख्यान, वेदारंभ संस्कार व समावर्तन संस्कार संपन्न होंगे। शाम 5 बजे धुमाल कीर्तन पार्टी व भव्य आतिशबाजी के साथ शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो ब्राह्मण धर्मशाला से निकलकर नगर के मुख्य मार्गों से भ्रमण करेगी। इस दौरान आकर्षक रथ में विराजमान भगवान परशुराम जी के जयकारों से पूरा नगर गूंज उठेगा।
नगर को दुल्हन की तरह सजाने की तैयारी समाज पदाधिकारियों ने बताया कि इस अवसर पर पूरे नगर को भगवा झंडे, बैनर-पोस्टर से सजाया जाएगा। रंग-बिरंगी गगनचुंबी आतिशबाजी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
प्रतिभाओं का होगा सम्मान शोभायात्रा के पश्चात विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। साथ ही समाज के उन लोगों का सम्मान किया जाएगा जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य किए हैं।
उपनयन संस्कार के लिए पंजीयन जारी युवा ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि जो भी विप्रजन उपनयन (जनेऊ) संस्कार कराना चाहते हैं, वे 28 अप्रैल तक पंजीयन करा सकते हैं। इसके लिए 9977066116 एवं 9977045647 पर संपर्क किया जा सकता है।
मुख्य अतिथि के रूप में विधायक पुरंदर मिश्रा होंगे शामिल
समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ब्राह्मण समाज के संरक्षक एवं रायपुर उत्तर विधानसभा के विधायक पुरंदर मिश्रा शामिल होंगे। इसके साथ ही क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं प्रदेशभर से बड़ी संख्या में विप्रजन कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।
आयोजन को सफल बनाने में जुटे समाजजन कार्यक्रम की सफलता के लिए गोपाल शर्मा, वीरेंद्र तिवारी, अंजली पांडे, आशीष शर्मा, आकाश मिश्रा, जयप्रकाश अवस्थी, मनोरमा पांडे, राजकुमार (गुड्डू) उपाध्याय, राजा शुक्ल, स्वतंत्र पांडे, बिनोद पांडे सहित ब्राह्मण समाज के अनेक पदाधिकारी एवं समाजजन सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।