बलौदाबाजार। नगर पंचायत रोहांसी के प्रतिभाशाली छात्र लक्ष्यशील साहू ने Indian Space Research Organisation के प्रतिष्ठित युविका 2026 कार्यक्रम में चयनित होकर पूरे साहू समाज, क्षेत्र और जिले को गौरवान्वित किया है। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
युविका कार्यक्रम के तहत लक्ष्यशील साहू को सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र, Satish Dhawan Space Centre में अंतरिक्ष विज्ञान, रॉकेट तकनीक, उपग्रह निर्माण और अंतरिक्ष अनुसंधान की विशेष प्रशिक्षण प्राप्त होगी। यह अवसर देशभर के चुनिंदा प्रतिभाशाली छात्रों को ही मिलता है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर रोहांसी परिक्षेत्र अध्यक्ष उमाशंकर साहू ने लक्ष्यशील साहू को भेंट स्वरूप मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर प्रगति की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा, “लक्ष्य बेटा, तुम इसी तरह निरंतर आगे बढ़ते रहो और समाज व देश के लिए उत्कृष्ट कार्य कर नई पहचान बनाओ।”
“लक्ष्य से ही लक्ष्यशील बनता है” — अपने नाम को सार्थक करते हुए लक्ष्यशील साहू ने यह सिद्ध कर दिया कि मजबूत इरादे, कठिन परिश्रम और ऊंचे सपनों के साथ हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने अपने लक्ष्य को अपनी पहचान बनाया और आज पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गए हैं।
लक्ष्यशील साहू की यह सफलता यह संदेश देती है कि मेहनत, लगन और शिक्षा के बल पर ग्रामीण अंचल के छात्र भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा सकते हैं।