पंचायती राज दिवस 24 अप्रैल: विशेष ग्राम सभा व विभिन्न गतिविधियों का होगा आयोजन

SARJU PRASAD SAHU

April 21, 2026

सक्ती। जिले में पंचायती राज दिवस, दिनांक 24 अप्रैल 2026 के अवसर पर विशेष ग्राम सभा एवं विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। लोकतांत्रिक विकेंद्रीकरण को सशक्त बनाने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष 24 अप्रैल को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस मनाया जाता है। यह दिवस वर्ष 1993 में 73वें संविधान संशोधन के माध्यम से पंचायती राज व्यवस्था को संवैधानिक दर्जा मिलने की ऐतिहासिक शुरुआत का प्रतीक है।

जिला पंचायत सक्ती से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 अप्रैल 2026 को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा आयोजित की जाएगी, जिसमें ग्राम के सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ वरिष्ठ एवं सम्मानित नागरिकों को आमंत्रित किया जाएगा।

ग्राम संवाद और ऑडियो संदेश ग्राम संवाद के अंतर्गत ग्रामवासियों को माननीय उप मुख्यमंत्री, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग का लगभग 20 मिनट का रिकॉर्डेड ऑडियो संदेश सुनाया जाएगा।

प्रमुख संकल्प और गतिविधियाँ

इस अवसर पर कई महत्वपूर्ण संकल्प लिए जाएंगे:

· ग्राम संपदा एप में ग्राम की समस्त परिसंपत्तियों को अपलोड करने का संकल्प।

· आत्मनिर्भर ग्राम पंचायत (हमारा कोष–हमारा अधिकार) के तहत समर्थ पोर्टल के माध्यम से शत-प्रतिशत कर आरोपण एवं वसूली सुनिश्चित करने का संकल्प।

· स्वच्छता को बढ़ावा देने हेतु सार्वजनिक एवं शासकीय भवनों में साफ-सफाई सुनिश्चित करने का संकल्प।

· सामुदायिक संसाधनों के संरक्षण से संबंधित प्रस्तावों पर चर्चा करते हुए आवश्यक कार्यवाही।

· ग्राम पंचायत को आदर्श ग्राम पंचायत बनाने का संकल्प।

· मोर गांव मोर पानी अभियान के अंतर्गत जल संरक्षण के प्रयासों पर विस्तृत चर्चा।

सम्मान और पुरस्कार ग्राम सभा के दौरान ऐसे व्यक्तियों का सम्मान किया जाएगा, जिन्होंने कला, नृत्य, खेल अथवा अन्य विधाओं में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल की है। साथ ही उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं स्वयं सहायता समूह की लखपति दीदियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

प्रदर्शन और ऑनलाइन अपलोडिंग प्रत्येक ग्राम पंचायत के लिए तैयार पंचायत एडवांसमेंट इंडेक्स (पाई 1.0 एवं 2.0) के स्कोर कार्ड का प्रदर्शन किया जाएगा। ग्राम सभा में लिए गए निर्णयों की अधिकतम 15 मिनट की वीडियो रिकॉर्डिंग कर “ग्राम सभा निर्णय” (जीएस निर्णय) मोबाइल एप में अपलोड की जाएगी। साथ ही ग्राम सभा की सभी गतिविधियों को ग्राम सभा पोर्टल एवं जीडीजीपी पोर्टल में शत-प्रतिशत अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment