कोरबा में लू का प्रहार तेज, प्रशासन अलर्ट स्कूलों को 20 अप्रैल से मिली गर्मी की छुट्टी

SARJU PRASAD SAHU

April 17, 2026

कोरबा। 17 अप्रैल 2026। जिले में बढ़ते पारा और लू के तेज प्रकोप ने आम जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने बच्चों, मजदूरों और नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कई अहम निर्देश जारी किए हैं। सबसे बड़ा फैसला लेते हुए प्रशासन ने जिले के सभी शासकीय एवं निजी स्कूलों में 20 अप्रैल से 15 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित कर दिया है। उल्लेखनीय है कि पहले यह छुट्टियां 1 मई से प्रस्तावित थीं, लेकिन समय से पहले पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए इसमें संशोधन किया गया। हालांकि, शिक्षकों को निर्धारित समय पर विद्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।

लू से बचाव के लिए कलेक्टर ने आम नागरिकों की सुविधा हेतु बस स्टैंड और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने का आदेश दिया है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग को सभी अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में हीट स्ट्रोक से निपटने के लिए पर्याप्त दवाइयों का भंडारण रखने को कहा गया है। प्रशासन ने नागरिकों से दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की अपील की है।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment