महासमुंद। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में सरायपाली में ऐतिहासिक पदयात्रा का आयोजन किया गया। महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद रूपकुमारी चौधरी के नेतृत्व में निकाली गई इस पदयात्रा में 4000 से अधिक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पारंपरिक वेशभूषा में सज्जित महिलाओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर ‘नारी शक्ति का सम्मान, देश का अभिमान’ जैसे नारे लगाए। पदयात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी, जिससे आमजन में महिला सशक्तिकरण को लेकर जागरूकता का संदेश गया। इस दौरान अधिनियम के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया।
सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लागू नारी शक्ति वंदन अधिनियम लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करता है। यह महिलाओं के आत्मसम्मान, अधिकार और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने वाला ऐतिहासिक कदम है।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वर्णिका शर्मा, बसना विधायक संपत अग्रवाल, पूर्व विधायक रामलाल चौहान सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। विभिन्न सामाजिक संगठनों ने जलपान एवं पुष्पवर्षा कर महिलाओं का स्वागत किया।