कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने भाटापारा तहसील अंतर्गत ग्राम खैरी (आर) के दौरे के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के हितग्राही तीजमती को गृह प्रवेश कराकर आवास की चाबी सौंपी। इस अवसर पर उन्होंने सुंदर और गुणवत्तापूर्ण आवास निर्माण के लिए हितग्राही को बधाई दी।
📌 जल संरक्षण का सराहनीय प्रयास
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने देखा कि हितग्राही द्वारा आवास की छत से निकलने वाले पानी के लिए आउटलेट पाइप के पास सोखता गड्ढा बनाया गया है। इस पर उन्होंने दम्पति की सराहना करते हुए उन्हें जागरूक बताया। उन्होंने कहा कि वर्षा का पानी इस गड्ढे में एकत्र होकर जमीन में समाहित होगा, जिससे जल संरक्षण और भूजल रिचार्ज को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही उन्होंने सभी ग्रामीणों से अपने घरों के पास सोखता गड्ढा बनाने की अपील की।
📌 आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण
दौरे के दौरान कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों से गिनती, एबीसीडी, फल एवं जानवरों के नाम पूछे, जिस पर बच्चों ने उत्साहपूर्वक जवाब दिया। कुछ बच्चों ने कविता भी सुनाई।
उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से बच्चों की संख्या, गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं को दिए जा रहे रेडी टू ईट पोषण आहार की जानकारी ली।
📌 श्रमदान से दिया संदेश
कलेक्टर ने आंगनबाड़ी परिसर के पास सोखता गड्ढा निर्माण के लिए स्वयं श्रमदान कर ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति प्रेरित किया।
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत दिव्या अग्रवाल, एसडीएम श्यामा पटेल, डीपीओ अतुल परिहार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।