छुरा/ गरियाबंद :- जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना छुरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अलग-अलग दो प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अवैध रूप से देशी शराब बेचने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं उप पुलिस अधीक्षक गरियाबंद के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी छुरा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम ने धरपकड़ करते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 15 लीटर 120 मिलीलीटर देशी मसाला एवं प्लेन शराब बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत 8400 रुपए बताई जा रही है। साथ ही शराब परिवहन में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं।
आरोपी विवरण
संतोष चेलक (36 वर्ष), निवासी पंडरीतराई, थाना पाण्डुका, जिला गरियाबंद
पवन कुमार मल्होत्रा (28 वर्ष), निवासी खट्टी, थाना छुरा, जिला गरियाबंद
जप्त सामग्री
44 नग देशी मसाला शराब (कीमत 4400 रुपए) – टीवीएस स्टार स्पोर्ट्स मोटरसाइकिल (CG 04 HZ 0583) से बरामद
40 नग देशी प्लेन पौवा (कीमत 4000 रुपए) – एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल (CG 04 LD 1993) से बरामद
इस पूरी कार्रवाई में थाना छुरा पुलिस की भूमिका सराहनीय रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।