बलौदाबाजार-भाठापारा,
07 अप्रैल 2026।
पलारी ब्लाक के ग्राम पंचायत मल्लिन एवं आश्रित ग्राम मोहतरा में अधूरी पड़ी नलजल योजना का मुद्दा अब प्रशासनिक स्तर तक पहुंच गया है। मंगलवार को आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में ग्राम सरपंच रामकली मिर्झा द्वारा इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत में बताया गया कि नलजल योजना के तहत ठेकेदार द्वारा कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है, इसके बावजूद योजना का हैंडओवर कर दिया गया, जिससे ग्रामीणों को लंबे समय से पेयजल सुविधा नहीं मिल पा रही है। मोहतरा गांव में पानी टंकी निर्माण स्थल पर समतलीकरण और फ्लोरिंग का कार्य अधूरा है। 30 से 40 परिवारों को अब तक नल कनेक्शन नहीं मिला है और उनके यहां चेम्बर भी नहीं बनाए गए हैं। बोर स्थल पर पम्प रूम का निर्माण नहीं हुआ है, वहीं पानी टंकी में लीकेज होने से पानी लगातार टपक रहा है। इसके अलावा क्लोरीनेटर रूम में मशीन स्थापित नहीं की गई है और गेट का छज्जा भी क्षतिग्रस्त है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि पूर्व सरपंच और सचिव द्वारा कथित रूप से अनियमित तरीके से योजना को समय से पहले ही ठेकेदार को हैंडओवर कर दिया गया, जिसकी जानकारी ग्राम पंचायत को समय पर नहीं दी गई। मल्लिन गांव में भी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। यहां लंबे समय से पानी सप्लाई बंद है। पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई गलियों का लगभग 75 प्रतिशत कार्य अधूरा है, जिससे जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं और आवागमन में परेशानी हो रही है। कई घर आज भी नल कनेक्शन से वंचित हैं।
जनदर्शन में की गई इस शिकायत के माध्यम से कलेक्टर से मांग की गई है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और नलजल योजना के अधूरे कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा मिल सके।