गरियाबंद। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना देवभोग पुलिस ने अंतरराज्यीय चेक पोस्ट खुटगांव पर कार्रवाई करते हुए 25 किलोग्राम गांजा जप्त कर अंतरराज्यीय तस्करी का पर्दाफाश किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 02 अप्रैल 2026 को देवभोग पुलिस टीम चेक पोस्ट खुटगांव पर आने-जाने वाले वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान उड़ीसा की ओर से एक युवक पैदल आते हुए दिखाई दिया, जिसके पास एक सफेद प्लास्टिक थैला और काले रंग का पिठ्ठू बैग था। संदेह के आधार पर पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम काला कान्हू उर्फ कान्हा तांडी (24 वर्ष), निवासी थाना बोडेन, जिला नुआपाड़ा (ओडिशा) बताया। पुलिस ने मौके पर उपस्थित गवाहों को कार्रवाई में शामिल करते हुए युवक के सामान की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान सफेद थैले और काले बैग में संदिग्ध पैकेट मिले, जिनसे गांजा जैसी गंध आने पर NDPS किट से परीक्षण किया गया। जांच में पदार्थ गांजा पाया गया। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर सफेद थैले से 15 किलो और काले बैग से 10 किलो गांजा बरामद हुआ। इस तरह कुल 25 किलो गांजा जप्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 12 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
जप्त सामग्री:
25 किलो गांजा
अनुमानित कीमत: ₹12,50,000
01 सफेद प्लास्टिक थैला
01 काला पिठ्ठू बैग
इस कार्रवाई से पुलिस को अंतरराज्यीय स्तर पर संचालित गांजा तस्करी के नेटवर्क के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।