ग्राम पंचायत कोनारी में गुरुवार से नौ दिनों तक चलने वाले नवधा रामायण समारोह का शुभारंभ बड़े ही भव्य और श्रद्धामय माहौल में किया गया। श्रीराम आदर्श मानस मंडली एवं ग्रामवासियों के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम की शुरुआत कलश यात्रा के साथ हुई, जिसमें गांव की महिलाओं और श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कलश यात्रा नवधा रामायण स्थल से निकली, जहां से माताएं-बहनें सिर पर कलश धारण कर भजन-कीर्तन के साथ पूरे गांव का भ्रमण करती हुई महामाया शीतला चंडी मंदिर पहुंचीं। वहां पूजा-अर्चना के बाद यात्रा लोपेश्वर महादेव मंदिर पहुंची और विधिवत पूजा के पश्चात पुनः आयोजन स्थल पर समाप्त हुई। पूरे गांव में जय श्रीराम के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ पुरोहित रामसनेही शर्मा द्वारा शुभ मुहूर्त में पूजा-अर्चना कर किया गया। आयोजन समिति के अनुसार यह नवधा रामायण 02 अप्रैल से प्रारंभ होकर 11 अप्रैल तक चलेगा, जिसका समापन हवन-पूजन और सहस्त्रधारा के साथ किया जाएगा।
इस आयोजन में भाग लेने वाली प्रत्येक मानस मंडली को प्रोत्साहन राशि के रूप में 501 रुपये प्रदान किए जाएंगे, जिसमें कम से कम चार सदस्यों की उपस्थिति अनिवार्य रखी गई है।
शुभारंभ अवसर पर जनपद सभापति अश्वनी रजक, ग्रामीण अध्यक्ष झब्बूलाल चंदेल, उपाध्यक्ष धनसाय साहू, सरपंच प्रतिनिधि अनूप पाठक सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
गांव में इस धार्मिक आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और पूरे क्षेत्र में भक्ति का माहौल बना हुआ है।